भाजपा सरकार में अगर कोई जनता का राशन निगलेगा तो सीधा जाएगा जेल: CM योगी
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर के रामकोला विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करते हुए कुशीनगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज और अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा,”आज हम कुशीनगर में लगभग 400 करोड़ रुपए से ज़्यादा विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ है।”
CM बोले- क्या सपा सरकार के कार्यकाल में राम मंदिर बनता? क्या कांग्रेस मंदिर बनवाती? बसपा बनवाती?
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले कि आज गरीबों को राशन मिल रहा है, ये राशन क्या 2017 के पहले भी मिलता था? 2017 के पहले राशन नहीं मिलता क्योंकि तब अब्बा जान कहने वाले ही राशन हज़म कर जाते थे। आज इन गरीबों का राशन कोई हज़म नहीं कर सकता। अगर हज़म करेगा तो वो जेल जाएगा। क्या राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले राम मंदिर बनवाते? कश्मीर से धारा 370 हटाते? तालीबानी सोच वाले तीन तलाक को खत्म करते? बिच्छू कहीं भी होगा तो डंसेगा ही।
सीएम ने पूछा – क्या राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले राम मंदिर बनवाते?
आगे सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या सपा सरकार के कार्यकाल में राम मंदिर बनता? क्या कांग्रेस मंदिर बनवाती? बसपा बनवाती? भगवान राम का मंदिर दुनिया का सबसे सुंदर व सबसे भव्य मंदिर बनने जा रहा है। कोरोना काल में सरकार को राजस्व की हानि हुई, लेकिन विकास कार्य नहीं रुके। कुशीनगर और देवरिया में भाजपा सरकार नई चीनी मिलें लगाएगी। कुशीनगर में लगभग 8 लाख लोगों ने टीका लगवा लिया है। विदेश में यही टीका लगभग 3-5 हजार रुपए का पड़ता है। मोदी जी के नेतृत्व में ये टीका नि:शुल्क लग रहा है ताकि देश की जनता को कोरोना से सुरक्षित रखा जा सके।
CM बोले कुशीनगर जनपद के लिए यह विकास योजनाओं का ट्रेलर मात्र है। अगली बार मुझे कुशीनगर में भगवान बुद्ध को समर्पित मेडिकल कॉलेज जनता को सौंपने बहुत जल्द आना है। कुशीनगर का एयरपोर्ट जल्द ही अंतरराष्ट्रीय उड़ान के साथ शुरू होना है। 1977 से 2017 तक सितंबर में हर साल 500-1000 बच्चों की दिमागी बुखार से असमय मौत होती थी। मोदी जी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान, साफ पेयजल योजना और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से लोगों को नया जीवन मिला है।
हमारी सरकार में 4.5 लाख युवाओं को नौकरियां मिली: UP CM
आगे उन्होनें कहा कि पहले अब्बाजान कहने वाले विशेष जाति को फायदा पहुंचाते थे। हमारी सरकार में 4.5 लाख युवाओं को नौकरियां मिली हैं। किसी को न सिफारिश करवानी पड़ी है न रिश्वत देनी पड़ी, निष्पक्ष नियुक्तियां हुई हैं। पहले अब्बाजान कहने वाले जनता का राशन खा जाते थे। भाजपा सरकार के नेतृत्व में अगर कोई जनता का राशन निगलेगा तो जेल चला जाएगा।