Thailand School Shooting : थाईलैंड के नॉनथाबुरी प्रांत में शुक्रवार को एक स्कूल के अंदर हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया. बैंकॉक के पास स्थित डेब्सिरिन नॉनथाबुरी स्कूल में एक छात्र ने फायरिंग कर दी. इस घटना में तीन शिक्षकों और तीन छात्रों की मौत हो गई. वहीं, करीब 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और इमरजेंसी टीम तुरंत स्कूल पहुंची. इलाके को सुरक्षित करने के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया. पुलिस के मुताबिक, घायल 15 लोगों में से दो की हालत बेहद गंभीर है और उनका इलाज जारी है.
घटना के करीब एक घंटे बाद सामने आई तस्वीरों में स्कूल के बाहर का माहौल बेहद भावुक नजर आया. लोग एक-दूसरे को संभालते दिखाई दिए, जबकि कई लोग रोते हुए भी नजर आए.
हमलावर छात्र भी अस्पताल में भर्ती
पुलिस के अनुसार गोली चलाने वाला छात्र खुद भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्र ने स्कूल में फायरिंग क्यों की.
जांच में यह बात सामने आई है कि छात्र ने जिस हथियार का इस्तेमाल किया, वह उसके परिवार के किसी सदस्य का था. पुलिस अब हमले की वजह और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है.
प्रधानमंत्री ने जताया दुख
वहीं, थाईलैंड के प्रधानमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है, उन्होंने मृतकों के परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी कोई लाइव स्ट्रीमिंग न करें, ताकि जांच प्रभावित न हो.
थाईलैंड में इस साल स्कूल के भीतर गोलीबारी की यह दूसरी घटना बताई जा रही है. इससे पहले फरवरी में भी एक छात्र ने स्कूल में फायरिंग की थी, जिसमें एक शिक्षक की मौत हुई थी. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्कूलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









