Kanpur Cyber Fraud : कानपुर कमिश्नरेट पुलिस की साइबर क्राइम सेल और शिवराजपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि गिरोह ग्रामीणों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था. इन खातों के जरिए करीब 225 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली है.
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपियों से लगभग 450 म्यूल अकाउंट की जानकारी मिली है. इन खातों का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर ठगी के मामलों में किया जा रहा था. पुलिस के अनुसार अब तक 2000 से अधिक लोगों के ठगी का शिकार होने की आशंका है.
ग्रामीणों के नाम पर खुलवाए जाते थे खाते
जांच में पता चला कि आरोपी ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर खाते खुलवाते थे और बदले में उन्हें 5 से 10 हजार रुपये प्रतिमाह देते थे. साइबर ठगी से मिली रकम को अलग-अलग खातों के जरिए क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर बाद में भारतीय मुद्रा में बदला जाता था.
पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट, 10 बैंक पासबुक, 2 चेकबुक और 12 डेबिट कार्ड बरामद किए हैं. मामले की जांच जारी है और पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है.
ये भी पढ़ें – जयपुर में CJP प्रदर्शन के दौरान हंगामा, संस्थापक अभिजीत दीपके को युवक ने मारा थप्पड़
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









