देवबंद विस्फोट मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हुलिया बदलकर दे रहा था चकमा

1993 Deoband Blast Case
1993 Deoband Blast Case: 1993 के देवबंद विस्फोट मामले का मुख्य आरोपी नजीर अहमद वानी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने जम्मू और कश्मीर के बडगाम जिले से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 19 नवंबर, मंगलवार को हुई। वानी को यूपी पुलिस की टीम ने जम्मू कश्मीर पुलिस की मदद से पकड़ा। वानी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
नजीर अहमद वानी हाल ही में जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में बडगाम सीट से मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के खिलाफ उम्मीदवार बने थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। चुनावी हलफनामे में वानी ने अपने पेशे को व्यवसाय बताया था, लेकिन देवबंद विस्फोट मामले का जिक्र नहीं किया था, जबकि वह इस मामले में जमानत पर बाहर था।
देवबंद में हुए विस्फोट
1993 में देवबंद में हुए विस्फोट में चार लोग घायल हो गए थे, जिनमें दो उत्तर प्रदेश के पुलिसकर्मी भी शामिल थे। इस घटना के बाद नजीर अहमद वानी को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 1994 में उसे जमानत मिल गई और वह रिहा हो गया। इसके बाद वह जमानत की शर्तों का पालन नहीं करते हुए फरार हो गया और पिछले 31 वर्षों से अपना हुलिया बदलकर पुलिस से बचता रहा।
वानी के खिलाफ 2023 में बडगाम जिले में एक और आपराधिक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसे गलत तरीके से रोके जाने और धमकी देने का आरोप था। सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया कि आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और देवबंद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें : महाराष्ट्र में बिटकॉइन पर सियासत, आरोपों पर सुप्रिया सुले का पलटवार…बोलीं ‘साइबर क्राइम से शिकायत की…’
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप