विदेश

होर्मुज में अमेरिकी ड्रोन बोट पर हमला, IRGC का बड़ा दावा, क्या बढ़ेगा तनाव?

US Iran War : अमेरिका- ईरान के बीच जारी जंग को छह महीने बीत चुके हैं. लेकिन तनाव कम होने के बजाय लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने अमेरिका की एक रिमोट से संचालित ड्रोन बोट पर हमला किया है. IRGC के मुताबिक, यह ड्रोन बोट होर्मुज जलडमरूमध्य के सुरक्षित इलाके में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी.

अल जजीरा के मुताबिक, IRGC ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के नियंत्रण में है और बच्चों की हत्या करने वाले दुश्मन की किसी भी कार्रवाई का कड़ा जवाब दिया जाएगा. IRGC ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि इलाके से निकलने और अपनी गतिविधियां बंद करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है.

खर्ग आईलैंड के पास तेल टैंकर पर हमला

इससे पहले शनिवार सुबह ईरानी मीडिया ने खाड़ी में खर्ग आईलैंड के पास एक तेल टैंकर पर हमले की खबर दी. खबर फौरी आउटलेट ने बताया कि जहाज पर कम से कम चार अमेरिकी मिसाइलें दागी गईं, जिसके बाद क्रू को जहाज खाली करना पड़ा. इसके कुछ ही देर बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली.

तीन तेल टैंकरों पर हमले का दावा

CENTCOM ने कहा कि IRGC की ओर से क्षेत्रीय जल में गश्त कर रहे दो युद्धपोतों की तरफ बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के तीन कच्चे तेल के टैंकरों पर हमला किया.

CENTCOM के मुताबिक, M/T डाउनी और M/T स्टार्क 1 पर हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त किया गया. वहीं ओमान की खाड़ी में खाली टैंकर M/T काइलो को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया.

पीट हेगसेथ ने दी चेतावनी

अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी कि अगर तेहरान अमेरिकी जहाजों पर गोलीबारी करता है तो अमेरिका ईरान के तेल टैंकरों को नष्ट या डुबो देगा. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान का तेल टैंकर बेड़ा असुरक्षित है.

ईरान के विदेश मंत्रालय ने अपने कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों की निंदा की. मंत्रालय ने चेतावनी दी कि क्षेत्र में लगातार आक्रामक और दखल देने वाली कार्रवाइयों के परिणामों के लिए अमेरिका और उसके सहयोगी जिम्मेदार होंगे.

इसके बाद IRGC ने बयान जारी कर कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य में अनधिकृत रास्तों से गुजर रहे तीन तेल टैंकरों और अन्य इलाकों में अमेरिका से जुड़े तीन जहाजों पर हमला किया है.

ये भी पढ़ें- Kanpur Aircraft Crash : कानपुर में गंगा बैराज पर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट और ट्रेनर की मौत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button