UP: एक बार फिर हड़ताल करेंगे बिजली कर्मचारी, जानिए क्या है वजह

उत्तर प्रदेश में बिजली कर्मियों की हड़ताल बीते दिनों खत्म हुई थी। लेकिन एक बार फिर बिजलीकर्मी विशाल धरना प्रदर्शन करेंगे। दरअसल, हड़ताल के दौरान कई बिजली कर्मियों का निलंबन कर दिया गया था साथ ही कई पर एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके विरोध में एक बार फिर बिजलीकर्मी एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे। बिजली कर्मियों की मांग है कि निलंबन और एफ़आइआर को वापस लिया जाए और कर्मचारियों का उत्पीड़न न किया जाए।
उत्तर प्रदेश में 4 दिन चली हड़ताल के बाद एक बार फिर बिजली कर्मी धरना प्रदर्शन की पर तैयारी है। विद्युतकर्मी भारी तादाद में (24 मार्च) को दोपहर 12:00 बजे प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित सरोजनी नायडू पार्क में धरना प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारी धरना प्रदर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करेंगे। बता दें कि कुछ दिन पहले ऊर्जा मंत्री से हुई बात के बाद भी बिजली कर्मियों के खिलाफ दर्ज किए गए मामले वापस नहीं लिए गए।
उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर बिजली कर्मचारी हड़ताल पर रहे थे। इसमें राजधानी लखनऊ के भी कर्मचारी शामिल रहे। बड़ी संख्या में विद्युत कर्मचारी हड़ताल कर रहे। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्य भी हड़ताल पर रहे थे। बिजली कर्मचारियों की ओर से की गई 4 दिन की हड़ताल के बाद उत्तर प्रदेश की बिजली व्यवस्था चरमरा गई थी। कई बड़े शहरों में बिजली ठप्प हो गई थी। लखनऊ में भी इस आंदोलन का असर देखने को मिला था। ऊर्जा मंत्री से बातचीत के बाद संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने आंदोलन को खत्म करने का ऐलान किया था।
बिजली कर्मियों की हड़ताल के मुख्य कारण
बिजली उत्पादन इकाइयों का निजीकरण
ऊर्जा निगम अध्यक्ष का नियम विरुद्ध चयन
नोएडा जैसे शहरों में प्राइवेट कंपनियों से बिजली सप्लाई का ठेका वापस लेने की मांग
ओबरा और अनपरा की नई विद्युत उत्पादन इकाइयों को NTPC को देने पर असहमति
ये भी पढ़ें: UP: सरकार ने 650 बिजली कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, 20 मार्च को कोर्ट में पेशी