Fake Bride Gang : मथुरा में शादी का सपना एक युवक के लिए ठगी की कहानी बन गया. मंदिर में शादी हुई, दुल्हन घर पहुंची और फिर अचानक अपने साथियों के साथ गायब हो गई. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो शादी के नाम पर ठगी करने वाले कथित गिरोह का खुलासा हुआ. पुलिस ने आरोपी दुल्हन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मामला सुरीर कोतवाली क्षेत्र का है.
नगला जय सिंह गांव निवासी चंद्रभान शादी करना चाहता था. पुलिस के अनुसार, उसके रिश्तेदार सुंदर ने शादी कराने का भरोसा देकर उससे 1 लाख 15 हजार रुपये लिए. इसके बाद वह चंद्रभान को अलीगढ़ के एक मंदिर में ले गया. वहां एक युवती से उसकी शादी कराई गई.
शादी के दौरान कुछ लोग युवती के रिश्तेदार बनकर मौजूद थे. पुलिस के मुताबिक, रविंद्र भाटी को युवती का चाचा और दिनेश भाटी को उसका भाई बताया गया था. रस्में पूरी होने के बाद चंद्रभान दुल्हन को लेकर अपने गांव लौट आया.
गांव पहुंचते ही बदल गई कहानी
पुलिस का कहना है कि गांव पहुंचने के बाद दुल्हन अपने साथी इरफान और सुंदर के साथ वहां से चली गई. चंद्रभान को जब ठगी का अंदेशा हुआ तो उसने पुलिस से शिकायत की. जांच में सामने आया कि उससे 99 हजार रुपये ऑनलाइन UPI के जरिए और 16 हजार रुपये नकद लिए गए थे. कुल रकम 1.15 लाख रुपये बताई गई है.
तीन गिरफ्तार, बाकी की तलाश
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुंदर, इरफान और उस महिला को गिरफ्तार कर लिया, जिससे चंद्रभान की शादी कराई गई थी. मांट के CO अमर नाथ के मुताबिक, शादी कराने के नाम पर झांसा देकर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पकड़ा गया है.
पुलिस को शक है कि इस मामले में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं. उनकी तलाश की जा रही है. साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित गिरोह ने इसी तरीके से किसी और को अपना शिकार तो नहीं बनाया.
ये भी पढ़ें- ‘Awarapan 2’ की सफलता के बीच इमरान हाशमी को स्वाइन फ्लू, आइसोलेशन की सलाह, बेंगलुरु शो कैंसिल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








