Cold Wave : उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक शीतलहर का असर बना रहेगा. राजस्थान के कई इलाकों में भीषण ठंड दर्ज की गई है, जबकि उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी ठंड का कहर जारी है. इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी शीतलहर का प्रकोप लगातार बना हुआ है.
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड के कई इलाकों में तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में पारा 5 से 10 डिग्री के बीच बना हुआ है. उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई.
न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक गिरने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान गिरकर करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसी को देखते हुए कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है. सुबह के समय कई क्षेत्रों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है.
बर्फीली हवाओं से बढ़ी ठंड
वहीं, पहाड़ों पर हो रहीं बर्फबारी के कारण पिछले कुछ दिनों से उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं. पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड जारी है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के 25 शहरों में आज शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा. इसके अलावा हवाएं भी चलेंगी.
बिहार में कोल्ड वेव का अलर्ट
बिहार में ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी पटना सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रहने की संभावना है, साथ ही तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को तेज गलन वाली ठंड का सामना करना पड़ेगा. नेपाल के पहाड़ी और तराई क्षेत्रों से आने वाली ठंड़ी हवाओं के कारण बिहार के मौसम में और अधिक ठंडक बढ़ रही है. मौसम विभाग ने इस सप्ताह पटना, गया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और सहरसा में कोल्ड वेव जैसी स्थिति बने रहने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें- School Closed : ठंड और कोहरे का कहर, 10 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल, आदेश जारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









