Delhi NCR Weather : दिल्ली-NCR में गुरुवार को दिनभर उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया. लंबे इंतजार के बाद कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, लेकिन इससे गर्मी पूरी तरह कम नहीं हुई. शाम को एक बार फिर बारिश का दौर आया, जिससे मौसम कुछ सुहावना हुआ. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार यानी 21 अगस्त को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे. न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह से दोपहर के बीच कुछ स्थानों पर एक-दो बार हल्की बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं. रात में भी बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है.
दिन के दौरान उत्तर-पश्चिमी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.
24 घंटे में 8.1 मिमी बारिश
IMD के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 8.1 मिमी बारिश दर्ज की गई. इस दौरान अधिकतर इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली भी देखने को मिली.
बारिश के कारण न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई. वहीं अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
22 से 24 अगस्त तक बारिश का दौर
मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 से 24 अगस्त तक भी दिल्ली में मौसम इसी तरह बना रहेगा. इस दौरान रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलती रहेंगी.
गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था. अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा. वहीं गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और नोएडा में 35 डिग्री सेल्सियस रहा.
ये भी पढ़ें- दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर चला बुलडोजर, अवैध ढांचे हटाए गए, जानिए क्या है पूरा मामला
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







