Uttar Pradesh

लखनऊ में कैफे संचालक की संदिग्ध मौत, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप

Crime News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे कैफे संचालक शिवा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना हजरतगंज थाना क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की है, जहां चौथी मंजिल से गिरने के बाद शिवा की जान चली गई. मृतक के परिजनों ने उसकी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे और उसकी बहन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का दावा है कि शिवा को पहले बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया और फिर चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया.

शिवा की मां के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे रश्मि दुबे का फोन आया. उसने बताया कि शिवा का एक्सीडेंट हो गया है और उसे लोहिया अस्पताल ले जाया जा रहा है. परिवार अस्पताल पहुंचा, लेकिन वहां शिवा नहीं मिला. करीब डेढ़ घंटे तक तलाश करने के बाद पता चला कि उसे मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है.

परिजनों का आरोप है कि वहां एंबुलेंस के पास श्रद्धा दुबे का ड्राइवर दानिश मौजूद था. परिवार का दावा है कि वह फोन पर अपना नाम सौरव कश्यप बताता था. परिजनों के पहुंचने पर वह घायल शिवा को छोड़कर मौके से फरार हो गया.

शरीर पर चोट के निशान होने का दावा

परिजनों का आरोप है कि श्रद्धा दुबे पिछले चार-पांच महीनों से शिवा को परेशान कर रही थी. परिवार के मुताबिक, उसे मारपीट करने, झूठे मुकदमे में फंसाने और बदनाम करने की धमकियां दी जाती थीं. शिवा की मां ने उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान होने की बात कही. उनके अनुसार, शिवा की आंखों और जबड़े पर चोट थी. कान और नाक से खून बह रहा था, उन्होंने पसलियों और पैर में फ्रैक्चर के साथ शरीर पर सिगरेट से दागने और खरोंच के निशान होने का भी आरोप लगाया.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक, अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना के बाद कुछ लोग नीचे उतरते दिखाई दिए हैं. पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है. परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

ये भी पढ़ें- नंदीग्राम में BJP की ऐतिहासिक जीत, 1.22 लाख वोटों से हसीरानी रथ ने मारी बाजी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button