सैन फ्रांसिस्को, कैलिफोर्निया : नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA) के बे एरिया चैप्टर ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सैन फ्रांसिस्को में आयोजित वार्षिक इंडिया डे परेड में छत्तीसगढ़ का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व किया।
इस वर्ष परेड में NACHA बे एरिया चैप्टर की ओर से प्रस्तुत की गई खूबसूरत झांकी का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल शिवरीनारायण की पौराणिक कथा रही। झांकी में माता शबरी की भक्ति और उनके द्वारा भगवान श्रीराम को प्रेमपूर्वक अर्पित किए गए मीठे बेर (जामुन/बेर फल) की भावपूर्ण कहानी को दर्शाया गया। इस थीम के जरिए NACHA ने कैलिफोर्निया की धरती पर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं को प्रस्तुत किया।

“छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” के जयकारे
झांकी ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के साथ-साथ स्थानीय दर्शकों का भी ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ “जय श्री राम”, “भारत माता की जय” और छत्तीसगढ़ की पहचान से जुड़े नारे “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” के जयकारे लगाए।
इस पूरे आयोजन का नेतृत्व NACHA बे एरिया चैप्टर की अध्यक्ष पूजा माहतो ने किया। इस सफल आयोजन में टीम के प्रमुख सदस्यों ऋषु, सौरभ, अंकिता, एकता, तेज, योगेश्वरी, दीपक, मुक्ता, युगल, ज्योति और मानस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात
पूजा माहतो ने कहा, “छत्तीसगढ़ से कैलिफोर्निया तक, हमारी जड़ें हमारे साथ सफर करती हैं। इतने बड़े मंच पर अपनी संस्कृति और विरासत का उत्सव मनाना हमारे लिए गर्व और सम्मान की बात है। हमें खुशी है कि हम बे एरिया के व्यापक समुदाय के साथ अपनी परंपराओं को साझा कर सके।”

छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं
NACHA की एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट दीपली साराओगी ने बताया कि इस वर्ष NACHA ने कई स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने NACHA बे एरिया टीम को सफल आयोजन और बेहतरीन प्रस्तुति के लिए बधाई दी।

विदेशी धरती पर आयोजित इंडिया डे परेड
विदेश की धरती पर आयोजित इंडिया डे परेड में छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आस्था और विरासत की यह प्रस्तुति प्रवासी भारतीयों के लिए गर्व का क्षण बनी और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का काम किया।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में बढ़ा तापमान, बारिश का इंतजार, गर्मी-उमस से लोग परेशान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








