
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। इसके लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज एमपी के जबलपुर पहुंची।
प्रियंका गांधी का स्वागत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ खुद एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद थे। प्रियंका गांधी सबसे पहले मां नर्मदा की पूजा की। रानी दुर्गावती की प्रतिमा में माल्यार्पण करने के बाद प्रियंका गांधी सभा स्थल में पहुंची।
प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस लंबे समय से तैयारी कर रही थी। प्रियंका गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा- आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हुआ आपका शोषण हो रहा है।
प्रियंका ने कहा कि 2018 में आप लोगों ने कांग्रेस की सरकार को चुना। लेकिन धन-बल से जनादेश को कुचल दिया गया। 2018 में आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली।
आपका कुछ फायदा होता तो समझ में आता। प्रियंका ने कहा इन्होंने महाकाल को नहीं छोड़ा। हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। इन्होंने भगवान को भी नहीं छोड़ा। राज्य में तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला हो रहा है।
प्रियंका ने कहा- आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी जो हम 100 प्रतिशत पूरा करेंगे। यही वादा हमने कर्नाटक में किया। वहां की सरकार ने आते ही बिल पास कर दिया। प्रियंका गांधी ने की पांच घोषणाएं हर महीने महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे। गैस सिलेंडर 500 रु. का मिलेगा। 100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट हाफ होगी। मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे। किसान कर्जमाफी का काम पूरा करेंगे।