राष्ट्रीय

कराची हमले के बाद आधी रात पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, अफगानिस्तान में 35 मौतों का दावा

Pakistan Airstrike : कराची में हुए आतंकी हमले के बाद जवाबी कार्रवाई के नाम पर पाकिस्तान ने रविवार और सोमवार की रात करीब 12:30 बजे अफगानिस्तान के तीन प्रांतों में हवाई हमले किए. पाकिस्तान सरकार ने दावा किया कि उसकी कार्रवाई तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और जमात-उल-अहरार के ठिकानों के खिलाफ थी. हालांकि, अफगानिस्तान से सामने आई तस्वीरों में रिहायशी इलाकों को नुकसान पहुंचने और आम नागरिकों के मारे जाने की बात कही जा रही है.

इन हमलों में अब तक 35 से ज्यादा लोगों की मौत होने और 100 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. मृतकों में छोटे बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं. वहीं कई घायल बच्चों और महिलाओं का इलाज अस्पतालों में चल रहा है.

पहले हमले के बाद दोबारा हुई एयरस्ट्राइक

बताया गया कि भारतीय समय के अनुसार रात करीब साढ़े 12 बजे पाकिस्तान की वायुसेना ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के गियान, पक्तिया प्रांत के चमकानी और कुनार प्रांत के मरवारा इलाकों में हमले किए. इन हमलों में रिहायशी मकानों और एक मस्जिद को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले हमले के बाद जब लोग राहत और बचाव के लिए पहुंचे, तभी करीब 12:55 बजे दोबारा हवाई हमला किया गया. इसके चलते घायलों की संख्या बढ़ गई और कई लोगों की जान चली गई.

एक घायल प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमले के समय इलाके में कोई सैन्यकर्मी या सरकारी अधिकारी मौजूद नहीं था. उसके मुताबिक, वहां मौजूद लोग आम नागरिक थे और पाकिस्तान द्वारा बताए गए आतंकी ठिकानों की कोई मौजूदगी नहीं थी.

चमकानी में हमले से प्रभावित हुआ घर

चमकानी इलाके के एक घायल व्यक्ति ने बताया कि वह दुबई में मजदूरी करता है और करीब दो महीने पहले ही घर लौटा था. उसके अनुसार, हमले में उसके पड़ोसी बादशाह खान का घर प्रभावित हुआ. पहले हमले के बाद लोग मलबे से महिलाओं और बच्चों को निकालने पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद हुए दूसरे हमले में बचाव कर रहे कई लोग भी घायल हो गए.

अफगानिस्तान लगातार आरोप लगाता रहा है कि पाकिस्तान अपने यहां हुए आतंकी हमलों के लिए अफगान क्षेत्र को जिम्मेदार ठहराता है. वहीं पाकिस्तान इन कार्रवाइयों को आतंकवाद के खिलाफ अभियान बताता है. अफगान पक्ष का दावा है कि ऐसी कार्रवाई में आतंकियों की जगह आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें- फ्रांस में भीषण गर्मी का कहर, हीटवेव से 1000 से ज्यादा लोगों की मौत, 16 देशों में रिकॉर्डतोड़ गर्मी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button