Mumbai blasts convict : 1993 के मुंबई बम धमाकों का दोषी अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम एक बार फिर सुर्खियों में है. उम्रकैद की सजा काट रहे सलेम ने अब जेल से रिहाई की मांग उठाई है. हाल ही में सुरक्षा कारणों से नवी मुंबई की तलोजा जेल से नासिक सेंट्रल जेल भेजे गए सलेम का दावा है कि उसकी सजा की अवधि पूरी हो चुकी है.
यह जानकारी महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान ने दी. खान ने नासिक सेंट्रल जेल पहुंचकर अबू सलेम से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान सलेम ने अपनी रिहाई की गुहार लगाते हुए कहा, “मेरी सजा पूरी हो गई है, अब मेरी रिहाई कराएं.”
प्यारे खान के मुताबिक, अबू सलेम ने जेल में लंबे समय से बंद रहने को लेकर भी सवाल उठाया. उसने कहा कि वह करीब 25 साल से जेल में है और पूछा, “मेरा गुनाह क्या है? मेरा अपराध क्या है?” खान के अनुसार, सलेम ने उनके जरिए अपनी मांग प्रशासन और मीडिया तक पहुंचाने की कोशिश की.
1993 मुंबई धमाकों में दोषी है सलेम
आपको बता दें कि अबू सलेम उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला है और लंबे समय तक अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के आपराधिक संगठन ‘डी-कंपनी’ से जुड़ा रहा. उसे 1993 के मुंबई सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले में हथियारों की सप्लाई समेत अन्य अपराधों का दोषी ठहराया गया था.
मुंबई धमाकों के बाद सलेम भारत से फरार हो गया था. उसे 2002 में पुर्तगाल से गिरफ्तार किया गया और नवंबर 2005 में भारत लाया गया. इसके बाद वह जेल में सजा काट रहा है.
तलोजा से नासिक जेल किया गया था ट्रांसफर
अबू सलेम को 4 जुलाई 2024 को नवी मुंबई की तलोजा जेल से नासिक सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया गया था. सुरक्षा कारणों से उसका जेल बदला गया था. अब सलेम ने अपनी सजा पूरी होने का दावा करते हुए रिहाई की मांग सामने रखी है. हालांकि, उसकी रिहाई को लेकर अंतिम फैसला संबंधित कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत ही होगा.
ये भी पढ़ें – यूपी का मतलब अल्टीमेट पोटेंशियल, टेक्सटाइल सेक्टर बनेगा नई औद्योगिक ताकत: सीएम योगी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









