Bhagalpur News : बिहार के भागलपुर में शुक्रवार को दिनदहाड़े बीजेपी से जुड़े नेता उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतुबगंज इलाके में हुई. उमा भूषण तांती बीजेपी के मंडल अध्यक्ष पद पर कार्यरत थे. सिर में गोली लगने के बाद आसपास के लोग उन्हें आनन-फानन में मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
चंदे के विवाद से जुड़ा है मामला?
शुरुआती जानकारी में हत्या के पीछे काली पूजा के लिए चंदा जुटाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है. कहा जा रहा है कि चंदा लेने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई थी और इसी विवाद के बाद उमा भूषण तांती को सिर में गोली मार दी गई.
हालांकि, हत्या की असली वजह अभी साफ नहीं है. पुलिस ने वारदात के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी.
पिता का शव देखते ही फूट-फूटकर रोई बेटी
उमा भूषण तांती की हत्या की खबर मिलते ही उनकी बेटी मायागंज अस्पताल पहुंची. अस्पताल में पिता का शव देखते ही वह उससे लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी. बेटी को इस तरह बिलखता देख अस्पताल का माहौल भी गमगीन हो गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद बीजेपी विधायक रोहित पांडेय भी अस्पताल पहुंचे. सिटी एसडीपीओ ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली. पुलिस फिलहाल हत्या से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी है और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है.
ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









