Delhi NCR

गर्लफ्रेंड विवाद बना हत्या की वजह, नांगलोई में 15 साल के छात्र की मौत

दिल्ली के नांगलोई इलाके में 15 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार वारदात के पीछे कथित प्रेम विवाद बताया जा रहा है। घटना में शामिल तीन नाबालिगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया है। मृतक 9वीं कक्षा का छात्र था और राव विहार का रहने वाला था।

Nangloi Murder Case : राजधानी दिल्ली के नांगलोई इलाके में एक नाबालिग छात्र की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अतुल (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है। 15 वर्षीय अतुल राव विहार इलाके का रहने वाला था और 9वीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस के मुताबिक, उसकी हत्या चाकू से हमला कर की गई।

प्रेम विवाद को लेकर हुआ था झगड़ा

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे कथित तौर पर एक लड़की को लेकर विवाद था। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर अतुल अपने दोस्त कृष्णा (बदला हुआ नाम) और 10वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन नाबालिग लड़कों से उसका सामना हुआ।

पुलिस के अनुसार, इनमें से एक नाबालिग का पहले उस छात्रा के साथ संबंध था। बाद में छात्रा की दोस्ती अतुल से हो गई थी, जिसके चलते दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका था।

दोस्तों ने पकड़ा, आरोपी ने चाकू मारा

जांच के मुताबिक, पहली कहासुनी के बाद आरोपी नाबालिग अपने दोस्तों के साथ वहां से चला गया। कुछ देर बाद तीनों वापस लौटे और अतुल से दोबारा विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि झगड़े के दौरान आरोपी के दोनों साथियों ने अतुल को पकड़ लिया और एक नाबालिग ने उसकी जांघ पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

ज्यादा खून बहने से हुई मौत

घायल अतुल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर तीनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- नेपाल बाढ़ के 11वें दिन मलबे से निकली 64 साल की महिला, सेना ने किया रेस्क्यू, 1300 से ज्यादा की मौत, 5 हजार लापता

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button