Anti Terror Operation : मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके में आतंकवाद के खिलाफ पिछले दो दिनों से जारी अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है. सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अशदर गली के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए ऑपरेशन अशदर के तहत एक आतंकी को मार गिराया. मारे गए आतंकी की पहचान यासिर के रूप में हुई है. वह पाकिस्तान का नागरिक था और प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है.
सुरक्षाबलों के अनुसार, मारे गए आतंकी के कब्जे से एक एके-47 राइफल और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है. उसकी पहचान सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके आतंकी नेटवर्क, साथियों और क्षेत्र में उसकी गतिविधियों से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही हैं.
दुर्गम पहाड़ी इलाके में चलाया गया अभियान
सेना की चिनार कोर के अनुसार, सटीक खुफिया सूचना के आधार पर अशदर गली क्षेत्र में आतंकियों की तलाश के लिए संयुक्त अभियान शुरू किया गया था. यह इलाका यूसमर्ग के दूधपथरी से करीब आठ घंटे की कठिन पैदल चढ़ाई के बाद पहुंचा जा सकता है.
सेना की 53 राष्ट्रीय राइफल्स, 10 पैरा कमांडो, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) की टीमें बुधवार से ही इलाके में आतंकियों की तलाश में जुटी थीं. वीरवार को जंगल में संदिग्ध गतिविधियां नजर आने के बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी. इसके जवाब में आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी.
आतंकी घने जंगल में छिप गए
इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. दोनों पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसके बाद आतंकी घने जंगल में छिप गए. रात के अंधेरे और कम दृश्यता के कारण सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी बनाए रखी और आतंकियों के बाहर निकलने के संभावित रास्तों को सील कर दिया.
शुक्रवार सुबह रोशनी होने के बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान फिर तेज किया. इसी दौरान हुई मुठभेड़ में एक आतंकी को मार गिराया गया. कश्मीर जोन के आईजीपी सुजीत कुमार ने भी मुठभेड़ स्थल के पास पहुंचकर अभियान का जायजा लिया.
4-5 आतंकियों के छिपे होने की आशंका
सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इलाके में अभी भी चार से पांच आतंकियों के छिपे होने की आशंका है. आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों का यह गुट पीर पंजाल की ऊंची पहाड़ियों के रास्ते दक्षिण कश्मीर की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा था.
घने जंगल, प्राकृतिक गुफाओं और खड़ी चट्टानों वाले इस दुर्गम इलाके में अन्य आतंकियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है. आतंकियों को तलाशने के लिए स्निफर डॉग्स और आधुनिक उपकरणों की भी मदद ली जा रही है.
आतंकियों के नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर
सुरक्षा एजेंसियां इलाके में सक्रिय आतंकी नेटवर्क और उनके मददगारों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. मारे गए आतंकी यासिर के नेटवर्क और उसके स्थानीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि अभियान पूरा होने के बाद इलाके में सक्रिय आतंकी समूह के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है.
नॉर्दर्न कमांड के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने अशदर गली इलाके में आतंकी को मार गिराने के लिए चिनार कोर की त्वरित और सटीक कार्रवाई की सराहना की. नॉर्दर्न कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि वह जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









