Tamil Nadu News : तमिलनाडु में किसानों और शिक्षकों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है. मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में ऐलान किया कि मई 2021 से अप्रैल 2026 के बीच अपनी आजीविका, अधिकारों और जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले किसानों और शिक्षकों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला इंसानियत और लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा किसानों और शिक्षकों के साथ खड़ी रहेगी. उनके मुताबिक, इस कदम से लोकतांत्रिक अधिकार और मजबूत होंगे और आम लोगों तथा सरकार के बीच भरोसा बढ़ेगा.
किसानों पर दर्ज मामलों को लेकर था विवाद
तिरुवन्नमलाई जिले में ‘सिपकाट’ यानी SIPCOT औद्योगिक पार्क का विरोध करने वाले किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे. कुछ किसानों पर सख्त गुंडा एक्ट भी लगाया गया था.
इसी तरह परंदूर में प्रस्तावित नए एयरपोर्ट प्रोजेक्ट का विरोध करने वाले किसानों पर भी मामले दर्ज किए गए थे. किसानों को अपनी खेती की जमीन, जलस्रोत और रोजगार खोने की आशंका थी. इन विरोध प्रदर्शनों के दौरान पिछली सरकार पर किसानों के खिलाफ अमानवीय तरीके से मामले दर्ज करने के आरोप लगे थे. इनमें से कुछ मामले अब तक लंबित हैं.
NEET विरोध के मामलों पर भी उठी मांग
मुख्यमंत्री के ऐलान के बाद CPI ने टीवीके सरकार से NEET के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ दर्ज मामलों को भी वापस लेने की मांग की है. इनमें छात्र भी शामिल हैं. वहीं, PMK ने मुख्यमंत्री विजय से नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन यानी NLC के खिलाफ विरोध करने वाले लोगों पर दर्ज मामले वापस लेने की अपील की है. वहीं, कानून मंत्री निर्मल कुमार ने कहा कि सरकार इन मांगों पर विचार करेगी.
ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









