Lucknow University Student Protest : लखनऊ यूनिवर्सिटी में हॉस्टल फीस बढ़ाने के फैसले के खिलाफ छात्रों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्रों ने विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर (VC) ऑफिस का घेराव कर फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की। छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने हॉस्टल फीस में अचानक बड़ा इजाफा कर दिया है, जिससे छात्रों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
फीस 7 हजार से बढ़कर 27 हजार
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ यूनिवर्सिटी के रणवीर सिंह हॉस्टल की फीस 7 हजार रुपये से बढ़ाकर 27 हजार रुपये कर दी गई है। छात्रों का कहना है कि यह बढ़ोतरी करीब चार गुना है, जिसे स्वीकार करना उनके लिए मुश्किल है। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि हॉस्टल में किए गए मेंटेनेंस और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए फीस में बदलाव किया गया है।
छात्रों ने मांगा खर्च का हिसाब
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि अगर हॉस्टल में मेंटेनेंस के नाम पर खर्च किया गया है तो प्रशासन को उसका पूरा विवरण सार्वजनिक करना चाहिए। छात्रों का सवाल है कि मेंटेनेंस का पूरा भार सिर्फ छात्रों पर क्यों डाला जा रहा है। छात्रों ने VC ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करते हुए फीस वृद्धि का फैसला वापस लेने की मांग की।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो वे विश्वविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। छात्रों ने आगे राज्यपाल कार्यालय का घेराव करने की भी बात कही है। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच बातचीत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें- SCO समिट में पाकिस्तान की शर्मनाक हरकत, ग्रुप फोटो से PM मोदी की तस्वीर हटाई, ईरानी राष्ट्रपति को भी किया गायब
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









