
Delhi Bus Gangrape : ग्रेटर नोएडा के परी चौक से नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए स्लीपर बस में सवार हुई 17 वर्षीय 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ चालक और कंडक्टर द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान के आधार पर दिल्ली पुलिस का कहना है कि वारदात नोएडा में हुई। घटना के बाद आरोपी छात्रा को दिल्ली के कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में रिंग रोड के किनारे उतारकर फरार हो गए। छात्रा के थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने सीमा विवाद में उलझे बिना नए आपराधिक कानूनों के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मेडिकल जांच के बाद शुरू हुई छानबीन
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के मुताबिक, चार अगस्त की रात करीब 17 साल की छात्रा कश्मीरी गेट थाने पहुंची थी। उसने पुलिस को बताया कि परी चौक से सेक्टर-63 जाने के दौरान स्लीपर बस में चालक और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया और उसके बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
कुछ घंटों में बस की पहचान, दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बस की पहचान की और उसे वजीराबाद की पार्किंग से बरामद कर लिया। इसके बाद चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी कानपुर देहात के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बारिश और अंधेरे के बीच बस में बैठी थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से मैनपुरी की रहने वाली है और मां की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकली थी। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण वह परी चौक पर उतर गई। इसी दौरान उसने वहां से गुजर रही एक खाली बस को रोककर सेक्टर-63 जाने के बारे में पूछा। कंडक्टर के वहां जाने की बात कहने पर छात्रा बस में सवार हो गई।
चलती बस में दुष्कर्म का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि बस में बैठने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इसके बाद चालक और कंडक्टर ने कथित तौर पर चलती बस में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि दोनों ने छात्रा को कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में रिंग रोड के किनारे उतार दिया और बस लेकर वहां से फरार हो गए।
बस से जुटाए गए फोरेंसिक साक्ष्य
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर क्राइम और फोरेंसिक टीम से उसकी जांच कराई। टीम ने बस के अंदर से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपियों के बयानों, फोरेंसिक रिपोर्ट और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों का मिलान कर रही है। छात्रा को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश किया गया, जहां से आदेश मिलने के बाद उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
47 किलोमीटर के पूरे रूट की सीसीटीवी जांच
जांच में सामने आया है कि बस सूरजपुर स्थित वर्कशॉप से मरम्मत के बाद दिल्ली की ओर जा रही थी। परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस ने करीब 47 किलोमीटर का सफर तय किया। पुलिस इस पूरे रास्ते के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बस की आवाजाही और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि की जा सके।
बस की खिड़कियों पर लगे थे गहरे पर्दे
जांच के दौरान पुलिस को बस की खिड़कियों पर गहरे रंग के पर्दे लगे मिले। इससे बाहर से बस के अंदर की गतिविधियां आसानी से दिखाई नहीं देती थीं। चालक की सीट के पास स्टेयरिंग पर कंबल और सीटों के बीच बने गलियारे में चादर बिछी मिली। पुलिस के अनुसार, इसी स्थान पर वारदात किए जाने का आरोप है।
सुरक्षा उपकरणों की स्थिति भी जांच के दायरे में
क्राइम और फोरेंसिक टीम ने बस से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और अंदर मौजूद सामान को सुरक्षित किया गया है। बस विश्वनाथ कंपनी की बताई गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बस में सुरक्षा मानकों के तहत जरूरी उपकरण मौजूद थे या नहीं और वे काम कर रहे थे या नहीं।
निर्भया कांड के बाद तय सुरक्षा मानकों पर सवाल
निर्भया कांड के बाद सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई व्यवस्थाएं अनिवार्य की गई थीं। इनमें बस के अंदर का दृश्य छिपाने वाले पर्दों पर रोक, चालक-कंडक्टर का पुलिस सत्यापन, वर्दी पर नेम प्लेट, पैनिक बटन, सीसीटीवी और जीपीएस जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इस मामले में जिस बस में वारदात का आरोप है, उसमें सीसीटीवी कैमरों के काम नहीं करने और खिड़कियों पर गहरे पर्दे लगे होने की बात सामने आई है।
स्वतंत्रता दिवस से पहले बढ़ी सुरक्षा के बावजूद घटना
चार अगस्त की रात दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के चलते लालकिले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर का सफर करने वाली बस रास्ते में जांच के दायरे में नहीं आई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बस के रूट पर उसकी निगरानी कहां-कहां हुई और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन क्यों नहीं हुआ।
ये भी पढ़ें – दिल्ली में स्वाइन फ्लू का बढ़ा प्रकोप, एक दिन में सामने आए 48 नए मामले
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









