राष्ट्रीय

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, कोटा से पकड़े गए तीन शूटर, नेपाल भागने की थी तैयारी

Tiger Shroff Firing : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. राजस्थान की कोटा पुलिस ने इस वारदात में शामिल होने के संदेह में रेहान उर्फ सुक्का, ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है. कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि अनिल पंडित ने रेहान से संपर्क किया था. इसके बाद रेहान ने सोनीपत से एक नाबालिग को अपने साथ जोड़ा. फिर रेहान, ऋतिक और नाबालिग ने मिलकर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, अनिल पंडित का संबंध लॉरेंस बिश्नोई से बताया जा रहा है.

एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मुंबई पुलिस से रविवार की घटना के संबंध में सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई. जानकारी मिली थी कि तीनों संदिग्ध पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से सफर कर रहे हैं. ट्रेन सुबह 10:17 बजे कोटा स्टेशन पहुंची, जहां रेलवे पुलिस बल की मदद से जनरल कोच में तलाशी लेकर तीनों को पकड़ लिया गया. पुलिस ने प्लेटफॉर्म और स्टेशन के निकास मार्गों पर भी निगरानी रखी थी.

दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की योजना

पुलिस की शुरुआती पूछताछ के मुताबिक, आरोपी पहले दिल्ली जाने और फिर नेपाल भागने की तैयारी में थे. अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए लोगों में एक रैपिडो राइडर है, जबकि रेहान सोनीपत में मजदूरी करता था. ऋतिक बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रह रहा था. पुलिस का कहना है कि आरोपियों का मकसद अभिनेता को डराना था. हालांकि, इस दावे की जांच जारी है.

हथियारों की तलाश जारी

मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी. अभिनेता सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से अभी हथियार बरामद नहीं हुए हैं. उनसे पूछताछ कर हथियारों और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी. कोटा पुलिस ने आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें- दिल्ली की रामलीला में जलेगा 30 फुट का कॉकरोच वाला पुतला, रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ होगा दहन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button