राष्ट्रीय

एअर इंडिया का बड़ा फैसला, 24 अक्टूबर तक जेद्दा, रियाद और दम्माम की सभी उड़ानें रद्द

Air India : सऊदी अरब में मौजूदा हालात को देखते हुए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए अपनी सभी उड़ानें 24 अक्टूबर तक अस्थायी रूप से रद्द कर दी हैं. इस फैसले से प्रभावित यात्रियों को राहत देते हुए दोनों एयरलाइंस ने टिकट की तारीख बदलने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया है.

एयरलाइंस के मुताबिक, जिन यात्रियों के पास 15 अक्टूबर या उससे पहले की कन्फर्म बुकिंग है और जिनकी यात्रा की तारीख 9 से 25 अक्टूबर के बीच निर्धारित थी, वे 10 नवंबर तक एक बार बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं. जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं और वे अब यात्रा नहीं करना चाहते, वे टिकट का पूरा रिफंड भी ले सकते हैं.

दूसरे शहरों से यात्रा करने का विकल्प

एयरलाइंस ने यात्रियों को खाड़ी क्षेत्र के दूसरे हवाई अड्डों से यात्रा करने का विकल्प भी दिया है. एअर इंडिया के यात्री दुबई या दोहा से आने-जाने के लिए अपनी बुकिंग बदल सकते हैं.

वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह से आने-जाने के लिए अपनी यात्रा दोबारा बुक कर सकते हैं. यह सुविधा संबंधित एयरलाइन की उड़ानों और उपलब्धता के आधार पर मिलेगी.

उड़ानें अस्थायी रूप से बंद

एयरलाइंस का यह निर्णय ऐसे समय में आया है, जब सऊदी अरब पर हूतियों के हमलों की खबरें सामने आ रही हैं. क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच ब्रिटेन ने भी अपने नागरिकों के लिए यात्रा संबंधी सलाह जारी की है.

ब्रिटेन के विदेश कार्यालय ने शुक्रवार को सऊदी अरब की गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी. मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए एयरलाइंस ने उड़ानें अस्थायी रूप से रोकने और प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने का फैसला किया है. यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी उड़ान और बुकिंग की स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी जाती है.

ये भी पढ़ें- Pakistan में TTP पर बड़ा एक्शन, संयुक्त अभियान में 10 लड़ाके ढेर, खैबर पख्तूनख्वा में बड़ी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button