Controversial Slogans : जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन और आपत्तिजनक नारेबाजी हुई है. यह प्रदर्शन व नारेबाजी की घटना दिल्ली दंगे के आरोपी उमर खालिद और देशद्रोह के आरोपी शरजील इमाम के समर्थन में हुई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, छात्रों ने ‘मोदी-शाह तेरी कब्र खुदेगी’, ‘अंबानी राज की कब्र खुदेगी, JNU की धरती पर’ और ‘अडानी की कब्र खुदेगी, JNU की धरती पर’ जैसे नारे लगाए, जिसके बाद विवाद और बड़ गया है. आपको बता दें कि देश के सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में शुमार JNU पिछले कुछ सालों से लगातार विवादों में घिरा रहा है.
साबरमती हॉस्टल के बाहर नारेबाजी
रिपोर्ट्स के अनुसार, विवादित नारेबाजी और प्रदर्शन रात के समय साबरमती हॉस्टल के बाहर किया गया. इस दौरान वामपंथी छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ नारे लगाए. सुप्रीम कोर्ट द्वारा उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिका खारिज किए जाने के विरोध में यह प्रदर्शन हुआ. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए. ये नारेबाजी उमर खालिद और शरजील इमाम के समर्थन में लगाया गया. शरजील इमाम पर देशद्रोह का मुकदमा चल रहा है, क्योंकि उसने ‘चिकेन नेक’ को काटकर नॉर्थ ईस्ट को भारत से अलग करने की बात कही थी. वहीं, उमर खालिद पर दिल्ली दंगों में भूमिका को लेकर मामला चल रहा है.
दोनों की जमानत याचिका खारिज की
बता दें कि उमर खालिद और शरजील इमाम दोनों इस समय जेल में बंद हैं. वहीं, JNU इससे पहले भी कई बार विवादों में रहा है. कई मौकों पर विश्वविद्यालय में आपत्तिजनक नारेबाजी की घटनाएं सामने आई हैं. JNU के साबरमती हॉस्टल के बाहर नारेबाजी की इस घटना ने एक बार फिर JNU को चर्चा में ला दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा था कि अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों से ये पता चलता है कि उमर खालिद और शरजील इमाम वर्ष 2020 के दिल्ली दंगों की ‘साजिश रचने, लामबंदी करने और रणनीतिक दिशा-निर्देश देने’ में शामिल थे. इसके साथ ही देश की शीर्ष अदालत ने साजिश के मामले में दोनों की जमानत याचिका खारिज कर दी थी.
बीजेपी नेताओं ने JNU नारेबाजी की निंदा की
वहीं, JNU में हुई नारेबाजी पर बीजेपी नेता और मंत्री कपिल मिश्रा ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘सांपों के फन कुचले जा रहे हैं तो सपोले बिलबिला रहे हैं. JNU में नक्सलियों, आतंकियों व दंगाइयों के समर्थन में भद्दे नारे लगाने वाले हताश हैं क्योंकि नक्सली खत्म किए जा रहे हैं, आतंकी निपटाए जा रहे हैं और दंगाइयों को कोर्ट पहचान चुका है.’ वहीं मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, ‘ये बिलकुल गलत है. पहले तो देशद्रोह का काम करेंगे और फिर उनके समर्थन में इस तरह के नारे लगाएंगे.
ये भी पढ़ें – प्रदूषण से घुट रहा दिल्लीवालों का दम, “आप” विधायकों का मास्क लगा विधानसभा में जबरदस्त प्रदर्शन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









