Rajasthan News : नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ 1 अप्रैल से प्रदेश में कई संस्थानों के समय में बदलाव किया जाएगा. गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और सरकारी अस्पताल अब सुबह जल्दी खुलेंगे और दोपहर से पहले बंद हो जाएंगे. यह नई व्यवस्था 30 सितंबर तक लागू रहेगी, जिसके बाद 1 अक्टूबर से फिर नई समय सारिणी जारी की जाएगी.
शिक्षा विभाग द्वारा जारी शिविरा पंचांग के मुताबिक, एक पारी वाले सरकारी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेंगे. वहीं दो पारी में संचालित स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा, जिसमें हर पारी की अवधि 5 घंटे 30 मिनट तय की गई है. अभी तक स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है.
आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव
इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में भी बदलाव होगा. ये केंद्र अब सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित किए जाएंगे. हर साल की तरह इस बार भी गर्मी और सर्दी के मौसम के अनुसार समय में यह परिवर्तन किया गया है.
पर्यटन क्षेत्र में भी बदलाव देखने को मिलेगा. सरिस्का टाइगर रिजर्व में 1 अप्रैल से सफारी के समय में संशोधन किया जाएगा. सुबह की सफारी 6 बजे से 9:30 बजे तक और शाम की सफारी 3 बजे से 6:30 बजे तक होगी. 16 मई से 30 जून के बीच शाम की सफारी का समय बढ़ाकर 3:30 बजे से 7 बजे तक कर दिया जाएगा, जबकि सुबह का समय यथावत रहेगा.
सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक
वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं में भी बदलाव किया गया है. सरकारी अस्पतालों में ओपीडी अब सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी. छुट्टी वाले दिन ओपीडी सुबह 9 से 11 बजे तक सीमित रहेगी, इसके बाद केवल इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी. फिलहाल ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक है.
इस बार तेज गर्मी की संभावना
मौसम विभाग की ओर से इस बार तेज गर्मी की संभावना जताई गई है. ऐसे में राज्य सरकार ने यह निर्णय लोगों को गर्मी से राहत देने और उनकी दिनचर्या को सुगम बनाने के उद्देश्य से लिया है. इससे छात्रों, मरीजों और कर्मचारियों को काफी सहूलियत मिलने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- Gujarat Politics : भाजपा के दमन के खिलाफ ‘‘आप’’ के साथ पूरा गुजरात करने जा रहा बदलाव- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









