Bihar Flood : बिहार के कई जिलों में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। पटना, मुंगेर और भागलपुर समेत 14 जिलों में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य की प्रमुख नदियां गंगा, कोसी और गंडक खतरे के निशान के आसपास बह रही हैं। बाढ़ के कारण 5 हजार से अधिक स्कूलों को बंद करना पड़ा है।
श्मशान घाट भी डूबे, अंतिम संस्कार में बढ़ी परेशानी
नदियों के जलस्तर बढ़ने से उनके किनारे बने 500 से ज्यादा श्मशान घाट प्रभावित हुए हैं। कई जगहों पर पानी भरने के कारण लोगों को अंतिम संस्कार करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।
उत्तर प्रदेश में 26 जिलों पर बाढ़ का असर
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। प्रदेश के 26 जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे करीब 4 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। बरेली में रामगंगा नदी के बढ़े जलस्तर से एक प्राचीन मंदिर नदी में समा गया, जबकि बाराबंकी में सरयू नदी के पानी से कई मकान प्रभावित हुए हैं।
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई है। हरिद्वार, पौड़ी और उत्तरकाशी समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली और तेज बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में राहत, बारिश की रफ्तार धीमी
मध्य प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं होने से तेज बारिश का दौर थम गया है। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में धूप निकल रही है और अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभावना कम है। वहीं राजस्थान में 11 सितंबर से दोबारा बारिश शुरू होने का अनुमान है।
बिहार में कुछ इलाकों में घटा पानी, लेकिन संकट बरकरार
बिहार के कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी कम होना शुरू हुआ है, लेकिन अब भी 14 जिलों की 517 पंचायतों में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। करीब 41 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। भागलपुर के कहलगांव में गंगा का जलस्तर बढ़ा है, जबकि तिलकामांझी विश्वविद्यालय परिसर में पानी भरने से छात्रों और शिक्षकों को नावों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें- विजीलेंस ब्यूरो ने 20,000 रुपये रिश्वत लेते पंचायत सचिव को रंगे हाथों काबू किया
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप





