विदेश

चीन में सुबह-सुबह कांपी धरती, किंघई में 5.6 तीव्रता का भूकंप

China Earthquake : उत्तर-पश्चिम चीन के किंघई प्रांत में बुधवार सुबह धरती कांप उठी. स्थानीय समयानुसार सुबह 5:36 बजे 5.6 मैग्नीट्यूड का भूकंप महसूस किया गया. चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर (CENC) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र किंघई के हाइक्सी प्रीफेक्चर में जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था.

CENC के अनुसार, भूकंप का केंद्र 37.81 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 95.63 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था. भूकंप की गहराई कम होने के कारण आसपास के इलाकों में भी इसके झटके महसूस किए जा सकते हैं. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भूकंप से किसी तरह के बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है. स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

चीन में भूकंप का खतरा क्यों?

चीन के पश्चिम और दक्षिण-पश्चिमी हिस्से भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से काफी संवेदनशील हैं. इसकी प्रमुख वजह भारतीय प्लेट और यूरेशियन प्लेट की टक्कर है. भारतीय प्लेट उत्तर की ओर बढ़ते हुए यूरेशियन प्लेट से टकराती है. इस भूगर्भीय गतिविधि के कारण चट्टानों में लगातार तनाव बनता रहता है. जब यह तनाव एक्टिव फॉल्ट पर अचानक रिलीज होता है, तो भूकंप आता है.

तिब्बत, सिचुआन, युन्नान और शिनजियांग समेत कई इलाके एक्टिव फॉल्ट की वजह से संवेदनशील माने जाते हैं.

चीन में पहले भी आए बड़े भूकंप

चीन में पहले भी कई शक्तिशाली भूकंप आ चुके हैं. 12 मई 2008 को सिचुआन में 7.9 तीव्रता के भूकंप में करीब 87,000 लोग मारे गए या लापता हुए थे. वहीं 14 अप्रैल 2010 को किंघई के युशु क्षेत्र में करीब 7.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 2,600 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी.

इसके अलावा दिसंबर 2023 में गांसू और किंघई के सीमावर्ती क्षेत्र में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया था. इसमें 140 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और बड़ी संख्या में घर क्षतिग्रस्त हुए थे.

ये भी पढ़ें – कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 111 लोगों की मौत, 1500 से ज्यादा घर तबाह

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button