भारत की कप्तानी करना मेरे करियर का सबसे बड़ा मोमेंट -सूर्यकुमार यादव

Share

भारत के नए T-20 कैप्टन सूर्यकुमार यादव ने कहा, मुझे युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर गर्व है। सूर्यकुमार यादव ने पहली जीत के बाद कहा, जिस तरह लड़कों ने दबाव वाली स्थिति में खेला वह भारत के भविष्य के लिए शानदार है।

ऑस्ट्रेलिया ने हमें अंडर प्रेशर लाया था, लेकिन लड़कों ने गजब का कैरेक्टर दिखाया। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने जीत के लिए 209 का लक्ष्य रखा था। भारत ने 8 विकेट खोकर इसे अंतिम गेंद पर हासिल कर लिया। यह T-20 इंटरनेशनल के इतिहास में भारत का सबसे बड़ा रन चेज है।

 मैन ऑफ द मैच सूर्यकुमार यादव

T-20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया ने पांचवीं बार 200 से बड़ा टारगेट हासिल किया। साउथ अफ्रीका 4 बार यह कारनामा कर चुकी है। ईशान किशन ने 39 गेंद पर 2 चौकों और 5 छक्कों के साथ 148.72 की स्ट्राइक रेट के साथ 58 रन बनाए।

 मैन ऑफ द मैच सूर्यकुमार यादव ने 42 गेंद पर 9 चौकों और 4 छक्कों के साथ 190.48 की स्ट्राइक रेट के साथ 80 रन बनाए। 14 गेंद पर 4 चौकों की मदद से 22 रन बनाकर रिंकू सिंह नाबाद रहे। रिंकू सिंह ने अंतिम गेंद पर छक्का जड़ा, लेकिन गेंदबाज सीन एबॉट ने ओवर स्टेप कर दिया था तो भारत नो बॉल के एक रन से ही मैच जीत गया।

भारत की कप्तानी करना मेरे करियर का सबसे बड़ा मोमेंट

सूर्यकुमार यादव ने कहा हर बार जब आप भारत के लिए खेलते हैं, तो वह अपने आप में गौरवान्वित करने वाला लमहा होता है। पर भारत की कप्तानी करना मेरे करियर का सबसे बड़ा मोमेंट था। मुझे लगा था कि बल्लेबाजी के दौरान अंत में ओस गिरेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऑस्ट्रेलिया 230-235 की तरफ बढ़ रही थी, लेकिन आखिरी 4 ओवर में हमने बेहतरीन वापसी की।

मुकेश कुमार ने तो लास्ट ओवर में सिर्फ 5 रन खर्च किए। सूर्यकुमार यादव ने कहा, फ्रेंचाइजी क्रिकेट के दौरान हम पहले भी कई बार ऐसी स्थिति में रह चुके हैं। इसलिए मैंने ईशान किशन को सिर्फ इंजॉय करने के लिए कहा। हमें पता था कि अगर हम दोनों खड़े रह गए, तो फिर टारगेट बहुत नजदीक आ जाएगा। सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए 54 गेंद पर 112 रन जोड़े।

सूर्या ने कहा मैं जब बल्लेबाजी करने उतरा, तो अपनी कप्तानी की जिम्मेदारी को ड्रेसिंग रूम में छोड़ दिया। रिंकू सिंह जिस तरह आखिरी ओवर में शांत खड़े थे, उसने मुझे भरोसा दिया हम यह मैच जीत जाएंगे।

अन्य खबरें