Avadh Ojha : आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और चर्चित शिक्षक अवध ओझा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की कार्यशैली और विचारधारा की सराहना की है। राजस्थान में आयोजित ‘सुशासन संवाद’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी सोच RSS के विचारों के काफी करीब है।
आरएसएस ने नेहरू जी को लेटर लिखा कि…
कार्यक्रम में अवध ओझा ने 1962 के भारत-चीन युद्ध का जिक्र करते हुए RSS की भूमिका की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उस दौर में संगठन ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को देश की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों में सहयोग देने की पेशकश की थी। भारत-चीन युद्ध के समय आरएसएस ने नेहरू जी को लेटर लिखा है कि आप देश की जितनी भी सेना है, पुलिस है, सबको बॉर्डर पर लगा दो, आंतरिक प्रबंधन की जिम्मेदारी हमारी, कितनी बड़ी बात कही। ओझा ने कहा कि किसी भी घटना को देखने का नजरिया बेहद महत्वपूर्ण होता है।
वाजपेयी की पाकिस्तान नीति का जिक्र
अवध ओझा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल की भी तारीफ की। उन्होंने स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और देश के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली। उन्होंने वाजपेयी की पाकिस्तान नीति का जिक्र करते हुए उनकी कूटनीतिक पहल और लाहौर बस यात्रा को भी याद किया।
इलाहाबाद लोकसभा सीट से चुनाव की बात
जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी राजनीतिक विचारधारा में हाल के समय में बदलाव आया है, तो अवध ओझा ने इससे इनकार किया। उन्होंने बताया कि उनकी विचारधारा पहले भी ऐसी ही थी। ओझा के मुताबिक, 2024 में उन्होंने भाजपा से प्रयागराज की इलाहाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी।
लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी
ओझा ने दावा किया कि भाजपा से टिकट की बातचीत के दौरान उन्हें इलाहाबाद के बजाय कैसरगंज सीट से चुनाव लड़ने का सुझाव दिया गया था, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद उन्होंने 2025 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर दिल्ली की पटपड़गंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। अवध ओझा के RSS और भाजपा को लेकर दिए गए बयान के बाद उनके राजनीतिक रुख को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
ये भी पढ़ें- भगवंत मान का बड़ा ऐलान- पंजाब की महिलाओं के लिए होगा ‘आर्थिक आज़ादी’ का साल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









