Aam Aadmi Party : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह पर पंजाब में युवाओं की फर्जी जॉइनिंग करवाने को लेकर तीखा हमला बोला है। ढांडा ने कहा कि नायब सिंह हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं।
ऐसा फर्जीवाड़ा करते वक्त उन्हें कम से कम उस पद की गरिमा का तो ख्याल रखा होता। यह बेहद शर्मनाक है कि पंजाब में भाजपा की जमीन तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह को हरियाणा से युवाओं को ले जाकर वहां पंजाब का युवा बताना पड़ा।
किसे धोखा देने की कोशिश
अनुराग ढांडा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह से सवाल किया कि वे किसे धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि एक तरफ हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे रही है, और दूसरी तरफ अपनी ‘घटिया राजनीति’ के लिए उन्हीं युवाओं का इस्तेमाल फर्जी इवेंट्स में कर रही है। यह न केवल हरियाणा के युवाओं के साथ धोखा है, बल्कि पंजाब के युवाओं का भी घोर तिरस्कार है।
भाजपा सरकार ने अफगानिस्तान को भेजी सहायता
अनुराग ढांडा ने तथ्यों के साथ हमला करते हुए कहा कि पंजाब का कोई भी युवा भाजपा के साथ जुड़ने को तैयार नहीं है, जिसके पीछे कई ठोस कारण हैं। जब पंजाब बाढ़ की त्रासदी झेल रहा था, तब केंद्र की भाजपा सरकार ने पंजाब की मदद करने के बजाय अफगानिस्तान को सहायता भेजी। किसान आंदोलन के दौरान साढ़े सात सौ किसानों की शहादत हुई, उन पर लाठियां और गोलियां चलाई गईं, जिसका गुस्सा आज भी पंजाब के लोगों में भरा हुआ है। पंजाब के लोग आज भी उन खौफनाक दिनों को भूले नहीं।
पंजाब में नहीं मिल रहा कोई भाव
अनुराग ढांडा ने स्पष्ट किया कि कुलदीप और नसीब जैसे जिन युवाओं को मुख्यमंत्री ने खुद पटके पहनाकर जॉइनिंग कराई, वे सभी हरियाणा के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि लड़के हरियाणा के, मुख्यमंत्री हरियाणा के, लेकिन ड्रामा पंजाब के प्लेटफॉर्म पर किया गया। यह सीएम नायब सिंह की हताशा को दर्शाता है क्योंकि पंजाब में उन्हें कोई भाव नहीं मिल रहा है। वे जहां भी जाते हैं, उनका विरोध होता है। पंजाब का एक भी युवा भाजपा में जुड़ने को तैयार नहीं।
पॉलिटिकल स्टंट बंद करें मुख्यमंत्री
अनुराग ढांडा ने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इस तरह के पॉलिटिकल स्टंट बंद करें। जनता अब जागरूक हो चुकी है और भाजपा के ऐसे हर फर्जीवाड़े का पर्दाफाश इसी तरह होता रहेगा। बेहतर होगा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह हरियाणा में भाजपा की सरकार से परेशान लोगों को राहत देने की कोशिश करें। ऐसा न हो पंजाब हथियाने के चक्कर में हरियाणा भी हाथ से निकल जाए।
ये भी पढ़ें- Child Abuse Case : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य पर कुकर्म के गंभीर आरोप, मामला दर्ज
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









