अगर लू से बचना है तो इन चीजों को डाइट में जरुर करें शामिल

नई दिल्ली। चिलचिलाती धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। मानसून के सीजन में भी गर्मी ने कोहराम मचा हुआ है। तपती धूप और लू ने लोगों को बेहाल कर दिया है।
गर्मियों में सबसे ज्यादा बीमार होने का खतरा बना रहता है। वहीं गरम हवाओं की वजह से लू लगने की भी समस्या होती है। ऐसे में जरुरत है कि सेहतमंद खाया जाए और अपना ख्याल रखा जाए ताकि आप लू की चपेट में आकर बीमार ना पड़ें और खुद को स्वस्थ्य रख सकें।
गर्मियों में सबसे ज्यादा जरूरी है कि आप पानी खूब पिएं और खुद को हाइड्रेटेड रखें। मौसमी फलों का भी सेवन आपके लिए फायदेमंद होगा।
इन चीजों को डाइट में शामिल कर आप कर सकते है लू से बचाव…
धनिया पत्ती- वैसे तो धनिया पत्ती खाने में ऊपर से गार्निश करने के काम आती है। लोग इसे सलाद और कई तरह की चटनी बनाने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं। आप भी गर्मियों में लू से बचाव के लिए इसे अपनी डाइट में जरूर शामिल करें। पोषक तत्वों से भरपूर धनिया लू लगने से भी बचाता है।
गुलाब का शरबत ठंडक प्रदान करता है
गर्मियों में ठंडक का एहसास देता है गुलाब का शरबत। इसका स्वाद लाजवाब होता है और यह तासीर में ठंडा होता है। ऐसे में इससे आप गर्मी से काफी राहत महसूस कर सकेंगे।
छाछ का सेवन है जरुरी
गर्मियों में छाछ का सेवन जरूर करना चाहिए। यह शरीर को ठंडा रखता है और अधिक प्यास को भी शांत करता है। वहीं गर्मियों में डीहाइड्रेशन से बचाव के लिए भी आप छाछ जरूर पिएं।
प्याज़ का करें इस्तेमाल
लू से बचाव के लिए प्याज बहुत फायदेमंद होती है। इसलिए अपनी डाइट में प्याज़ को जरूर शामिल करें। कच्चा प्याज़ खाने से शरीर की गर्मी दूर होती है।
बेल का शर्बत
गर्मियों में बेल का शर्बत भी ठंडक देता है और यह शरीर के लिए बेहद फायदेमंद भी होता है। यह शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करता है। इसलिए इसे अपने आहार में जरूर शामिल करें।
आम का पन्ना
गर्मियों के दिनो में आम का सेवन काफी फायदेमंद होता है और इससे बना आम पन्ना भी सेहत के लिए लाभकारी होता है। यह ना केवल आपको कूल रखता है बल्कि यह आपको लू लगने से भी बचाता है।
तो फिर इन चीजों को अपनी डाइट में अपनाकर आप खुद को तपती जलती गर्मी में कूल रख सकते हैं।