बड़ी ख़बरराष्ट्रीय

इंदिरा गांधी की जयंती पर पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, याद किया उनका योगदान

Indira Gandhi Birth Anniversary : पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर गुरुवार को देशभर में उन्हें याद किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश के लिए उनके योगदान को याद किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेताओं ने पोस्ट साझा कर उनके नेतृत्व, राजनीतिक फैसलों और सार्वजनिक जीवन में उनकी भूमिका का उल्लेख किया।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि।”

सुनेत्रा पवार और सुप्रिया सुले ने भी किया याद

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके नेतृत्व और साहसिक फैसलों का उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि पुरुष-प्रधान राजनीति में देश का सर्वोच्च नेतृत्व संभालने वाली भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में इंदिरा गांधी ने महिला नेतृत्व की क्षमता की एक अलग पहचान बनाई। उनका संघर्ष और सफर आज भी महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

वहीं, एनसीपी-एसपी की सांसद सुप्रिया सुले ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि देश की दृढ़ नेता इंदिरा गांधी की जयंती पर उनकी स्मृति को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हैं।

डीके शिवकुमार ने बताया भारतीय इतिहास की अहम शख्सियत

कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने इंदिरा गांधी को ‘आयरन लेडी’ बताते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय इतिहास में उनका विशेष स्थान है। उनके कार्यकाल में राजनीतिक, आर्थिक और संस्थागत क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए।

शिवकुमार ने कृषि उत्पादन को मजबूती देने, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार और देश के अंतरिक्ष एवं परमाणु कार्यक्रमों को समर्थन देने जैसी उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने आगे कहा कि भारत की राजनीति और विकास की दिशा पर इंदिरा गांधी की छाप हमेशा याद की जाएगी। उनका योगदान देश के स्वतंत्रता के बाद के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

अशोक गहलोत ने देश की एकता और अखंडता में योगदान को किया याद

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी शक्ति, संवेदनशीलता, साहस और दृढ़ निश्चय का अनूठा संगम थीं। उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।

गहलोत ने उनके दृढ़ नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनकल्याण की भावना को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी प्रेरणा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि मजबूत नेतृत्व वही होता है, जो राष्ट्रहित के प्रति दृढ़ रहने के साथ आम लोगों की समस्याओं और दुख-दर्द के प्रति संवेदनशील हो।

19 नवंबर 1917 को हुआ था इंदिरा गांधी का जन्म

इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को हुआ था। उन्होंने पहली बार जनवरी 1966 में प्रधानमंत्री पद संभाला और 1977 तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया। इसके बाद जनवरी 1980 में वह दोबारा प्रधानमंत्री बनीं और 1984 में हत्या तक इस पद पर रहीं।

वह अगस्त 1964 में राज्यसभा की सदस्य बनी थीं और फरवरी 1967 तक इस सदन में रहीं। इसके बाद लोकसभा के लिए निर्वाचित हुईं और चौथी, पांचवीं तथा छठी लोकसभा की सदस्य रहीं। भारतीय राजनीति में उनके लंबे कार्यकाल और फैसलों का प्रभाव आज भी देश के राजनीतिक इतिहास में दर्ज है।

ये भी पढ़ें – यूपी में चक्रवात अकवान का असर, 21-22 नवंबर को पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश के आसार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button