CBI Raid : महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की है. यह कार्रवाई मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई. छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के लाइव पैनल संचालित होते मिले. जांच एजेंसी ने इन पैनलों को बंद करा दिया है. इसके अलावा मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं.
सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI ने गिरफ्तार किया था. इसके बाद अदालत से अनुमति लेकर उसे आठ दिनों की पुलिस रिमांड पर रखा गया. इस दौरान हुई पूछताछ में भारत के अलग-अलग हिस्सों में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क और महादेव ऐप के संचालन से जुड़े कई अहम पहलुओं की जानकारी सामने आई.
12 नवंबर को सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया गया था. अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
विदेश से संचालित होता था नेटवर्क
जांच एजेंसी के मुताबिक, महादेव ऐप का मुख्य कार्यालय विदेश से संचालित किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटरों के बड़े नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार चलाया जा रहा था. इस व्यवस्था में ऑपरेटर दूसरे लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे या किराए पर खाते लेकर उनमें सट्टेबाजी की रकम जमा करवाते थे.
इसके बाद इस पैसे से होने वाली कमाई को हवाला के माध्यम से विदेश भेजा जाता था. इस तरह अलग-अलग स्तर पर काम करने वाले ऑपरेटर पूरे नेटवर्क को संचालित करने में भूमिका निभाते थे.
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी CBI
महादेव ऐप मामले में छत्तीसगढ़ सरकार से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद CBI ने दो एफआईआर दर्ज की थीं. अब जांच एजेंसी विदेश में मौजूद अन्य आरोपियों, नेटवर्क को आर्थिक और अन्य तरह की मदद देने वाले लोगों तथा संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है.
इसके साथ ही फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. छह राज्यों में हुई ताजा छापेमारी को इसी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश में फिर 21 जिलों में आगजनी और बम धमाके, शेख हसीना की वापसी के ऐलान पर मचा बवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









