Sonia Gandhi Book : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ इन दिनों राजनीतिक और साहित्यिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है. 10 नवंबर को बाजार में आई 544 पन्नों की इस किताब में सोनिया ने अपने निजी जीवन, परिवार और राजनीति से जुड़े कई अनुभव साझा किए हैं. किताब में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के स्वभाव, आपातकाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संबंधों और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से जुड़े ऐसे प्रसंग हैं, जो भारतीय राजनीति के कई अनछुए पहलुओं को सामने लाते हैं.
सोनिया गांधी ने लिखा है कि इंदिरा गांधी को कई बार इतना गुस्सा आता था कि वह खुद भी सहम जाती थीं. एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि घर का एक कर्मचारी जरूरी अपॉइंटमेंट की याद दिलाना भूल गया था. इस पर इंदिरा इतनी नाराज हुईं कि उन्होंने कर्मचारी को कमरे के कोने में खड़े रहने का आदेश दे दिया.
एक अन्य मौके पर सोनिया ने कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता को दीवार की तरफ मुंह करके खड़े देखा था. बाद में पता चला कि उन्हें यह सजा इंदिरा गांधी ने दी थी. वह कई बार नाराजगी में लोगों से दिनों तक बात भी नहीं करती थीं.
आपातकाल को बताया इंदिरा गांधी की गलती
सोनिया ने 1975 के आपातकाल को इंदिरा गांधी की एक बड़ी गलती बताया. उनके मुताबिक, बाद में इंदिरा को भी इस फैसले पर पछतावा हुआ था, उन्होंने लिखा कि अगर संजय गांधी को नियंत्रण में रखा गया होता, तो आपातकाल के बाद हुए काफी नुकसान को रोका जा सकता था.
PM मोदी से मुलाकात पर भी किया जिक्र
सोनिया के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके बीच कभी वास्तविक बातचीत नहीं हुई. संसद सत्र के बाद लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में दोनों की मुलाकात होती है और औपचारिक अभिवादन तक बात सीमित रहती है, उन्होंने लिखा कि मोदी उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं. हालांकि, कुछ मौकों पर प्रधानमंत्री ने उनकी तबीयत के बारे में पूछा और जन्मदिन व नए साल पर शुभकामनाएं भी दीं.
भारत को लेकर दोनों की विचारधारा अलग होने का जिक्र करते हुए सोनिया ने अपने दृष्टिकोण को विविधता, समानता और धर्मनिरपेक्षता पर आधारित बताया. वहीं, उन्होंने मोदी की सोच को RSS की विचारधारा और उनके व्यक्तिगत अनुभवों से प्रभावित बताया.
प्रणब मुखर्जी की PM बनने की इच्छा
सोनिया ने किताब में बताया कि 2010 में प्रणब मुखर्जी ने तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के साथ मतभेदों पर नाराजगी जताई थी. बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है. सोनिया ने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी इच्छा का संकेत समझा, लेकिन बातचीत का विषय बदल दिया. बाद में 2012 में प्रणब मुखर्जी यूपीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बने और देश के राष्ट्रपति चुने गए.
बीजेपी ने किताब पर उठाए सवाल
सोनिया की आत्मकथा पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने निशाना साधा, उन्होंने एक्स पर लिखा कि किताब का नाम ‘Belonging’ के बजाय ‘Whitewashing’ होना चाहिए था, उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें नेहरू-गांधी परिवार की ऐतिहासिक गलतियों को सही ठहराने की कोशिश की गई है. केसवन ने 1984 के सिख विरोधी दंगों, बाटला हाउस मामले और 26/11 मुंबई आतंकी हमले का भी जिक्र किया.
हार्पर कॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित इस किताब में सोनिया ने इटली में अपने बचपन, राजीव गांधी से विवाह, परिवार के अनुभवों, राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में आने तक के सफर को भी दर्ज किया है.
ये भी पढ़ें- दिवाली की रात दिल्ली-MP में आग का कहर, 23 लोगों की गई जान, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 की मौत, कई घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









