US Attack Oman Gulf : ओमान की खाड़ी में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है. अमेरिकी सेना ने नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे एक व्यावसायिक मालवाहक जहाज पर हवाई हमला किया है. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 7 नवंबर को की गई इस कार्रवाई में जहाज को आगे बढ़ने में असमर्थ कर दिया गया.
अमेरिकी सैन्य कमान के मुताबिक, सेंट किट्स के झंडे वाला मालवाहक जहाज ‘M/V Huda’ ईरान के एक बंदरगाह पर रुकने के बाद क्षेत्रीय जलक्षेत्र से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था. जहाज के चालक दल को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया. इसके बाद अमेरिकी सैन्य विमान ने जहाज के पिछले हिस्से यानी स्टर्न पर सटीक हमला किया.
जहाज संचालकों को अमेरिका की चेतावनी
CENTCOM ने बताया कि कार्रवाई से पहले जहाज के नागरिक चालक दल को निशाना बनाए जाने वाले हिस्से से दूर जाने के निर्देश दिए गए थे. अमेरिकी सेना का कहना है कि इस हमले का उद्देश्य जहाज को निष्क्रिय करना था. साथ ही क्षेत्र में समुद्री गतिविधियों से जुड़े जहाज संचालकों को अमेरिकी निर्देशों का पालन करने की चेतावनी दी गई है.
ईरान के 10 तेल टैंकर नष्ट करने का दावा
अमेरिकी सैन्य कमान ने दावा किया कि जुलाई से जारी नाकेबंदी अभियान के दौरान अब तक 147 व्यावसायिक जहाजों को रास्ता बदलने के लिए मजबूर किया गया है, जबकि पांच जहाजों को निष्क्रिय किया गया है. इसके अलावा ईरान के 10 व्यावसायिक तेल टैंकरों को नष्ट करने का भी दावा किया गया है.
इस बीच, अमेरिका ने ईरान तक हथियारों, दोहरे इस्तेमाल वाली तकनीक और प्रतिबंधित सामग्री की आपूर्ति रोकने के लिए नई टास्क फोर्स बनाने की घोषणा की है. बता दें कि अक्टूबर में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास पनामा के झंडे वाले जहाज MT On Peace पर भी प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था. इसमें 12 क्रू मेंबर घायल हुए थे, जिनमें 11 भारतीय मूल के थे.
ये भी पढ़ें- योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती से मिली खाकी वर्दी, सीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









