Other States

टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश का खुलासा, जंगल में फायरिंग की प्रैक्टिस और हैंडलर्स से मिल रहे थे निर्देश

Tiger Shroff Firing Case : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच के दौरान नए खुलासे हुए हैं. इस मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ऋतिक, रेहान अंसारी और फूल सिंह ने बताया कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने से पहले मुंबई की आरे कॉलोनी के जंगल में फायरिंग की प्रैक्टिस की थी. यह अभ्यास तीन से चार दिनों तक चला, जिसमें रोजाना औसतन दो से ढाई घंटे बिताए गए.

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने शुरुआत में एयरगन से निशाना लगाने का अभ्यास किया. इसके बाद असली पिस्टल से भी फायरिंग की गई. बताया गया है कि एक आरोपी ने दो राउंड और दूसरे ने एक राउंड गोली चलाई थी. फायरिंग में इस्तेमाल किया गया असली हथियार 17 अक्टूबर को उन्हें एक होटल में मिला था. उसी शाम तीनों ने आरे कॉलोनी के जंगल में सुनसान जगह पर पहुंचकर अभ्यास किया.

इस दावे को लेकर इलाके के एक चरवाहे ने भी बताया कि घटना से कुछ दिन पहले उसने जंगल में तीन राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी थी. पुलिस इस जानकारी की जांच कर रही है.

हैंडलर्स के संपर्क में थे आरोपी

मुंबई क्राइम ब्रांच को संदेह है कि टाइगर श्रॉफ की कार पर गोली चलाने वाले आरोपी अपने हैंडलर्स के लगातार संपर्क में थे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी फोन कॉल और संदेशों के जरिए उनसे निर्देश लेते थे और वारदात के दौरान भी संपर्क बनाए हुए थे.

मीडिया में तस्वीर आने के बाद भागने की सूचना

जांच में यह भी सामने आया है कि 18 अक्टूबर की घटना के बाद जब आरोपियों के चेहरे टीवी समाचारों में दिखाई दिए, तो उनके हैंडलर्स ने उन्हें सतर्क कर दिया. सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों की तस्वीरें सामने आने की जानकारी भी हैंडलर्स ने ही उन्हें दी और जल्द से जल्द वहां से निकलने को कहा.

फिलहाल मुंबई क्राइम ब्रांच आरोपियों की भूमिका, हथियार की व्यवस्था और कथित हैंडलर्स के साथ उनके संपर्कों की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें- ‘ऑफिस-ऑफिस’ सीरियल की तरह न भटके आम आदमी, नागरिक संतुष्टि ही लोकसेवक का रिपोर्ट कार्ड- सीएम योगी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button