
CJP Funding Allegations : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी के जारी प्रदर्शन के बीच अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन ने बुधवार को सीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। मिलबेन ने दावा किया कि सीजेपी को फंडिंग मिल रही है और वो फंडिंग अमेरिका के उन डोनर्स से मिल रही है जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ हैं।
मैरी मिलबेन ने यह दावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट के जरिए किया है। उन्होंने भारत के युवाओं से अपील की है कि वे चुप रहने के बजाय आगे आएं और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की कथित विनाशकारी सोच के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध करें। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिजीत दिपके और CJP को अमेरिका में मौजूद ऐसे दानदाताओं से फंडिंग मिल रही है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व में भारत के भविष्य के खिलाफ हैं।
‘यह चुप रहने का समय नहीं है’
मैरी मिलबेन ने कहा कि भारत के युवा देशभक्तों को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने 25 वर्षों तक भारत की सेवा की है, जिनमें 12 वर्ष प्रधानमंत्री के रूप में शामिल हैं। मिलबेन ने कहा कि लगातार तीन बार चुने गए प्रधानमंत्री भारत में अस्थिरता पैदा करने वाली ताकतों के सामने झुकने वाले नहीं हैं।
अमेरिकी दानदाताओं पर लगाए आरोप
मिलबेन ने दावा किया कि कुछ चुनिंदा दानदाताओं का दुनिया भर में एक जैसा तरीका है। उनके अनुसार, ऐसे लोग रूढ़िवादी वैश्विक नेताओं को निशाना बनाते हैं, संबंधित देश के किसी अमेरिका में पढ़े-लिखे व्यक्ति को तलाशते हैं, उसे कट्टरपंथी बनाते हैं और फिर उसे अपने देश वापस भेजकर अराजकता और विनाश फैलाने के लिए आर्थिक मदद देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशें अपने उद्देश्य में सफल नहीं हुई हैं, लेकिन इनसे संबंधित देशों के विकास और शासन व्यवस्था पर असर पड़ा है।
‘भारत में नई आवाज उठने का समय’
अमेरिकी गायिका ने कहा कि अब भारत में एक नई आवाज उठने का समय है। उनके मुताबिक, ऐसी आवाज भारत की धरती पर जन्मे, पले-बढ़े और शिक्षित हुए लोगों की होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से संगठित होकर ‘कॉकरोच पार्टी’ की कथित विनाशकारी सोच के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध करने की अपील की।
लोकतंत्र और स्वतंत्रता के लिए जवाबी आंदोलन की अपील
मैरी मिलबेन ने कहा कि लोकतंत्र और स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए हमेशा एक जवाबी आंदोलन होना चाहिए। अपने संदेश के अंत में उन्होंने भारतीय युवाओं से आगे आने का आह्वान करते हुए कहा, “उठो, मेरे युवा देशभक्तों, उठो!”
ये भी पढ़ें – बिहार के वैशाली में दर्दनाक नाव हादसा, 13 लोगों की मौत; मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









