Delhi-NCR Weather : दिल्ली-NCR में सोमवार को हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है. तेज हवाओं और बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. अब सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है. मौसम में आए इस बदलाव का असर हवा की गुणवत्ता पर भी दिखाई दिया है. हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ मौसम फिर करवट ले सकता है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, सोमवार यानी 12 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है. मयूर विहार में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
बारिश के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के रिकॉर्ड के मुताबिक, सोमवार सुबह 7 बजे दिल्ली का AQI 93 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है. हालांकि, शाम को यह बढ़कर 116 पहुंच गया, जो मध्यम श्रेणी में है.
आज कैसा रहेगा Delhi-NCR का मौसम?
मंगलवार, 13 अक्टूबर को आसमान में हल्के बादल छाए रहने और दिन में धूप निकलने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह दक्षिण-पूर्वी हवाएं 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि दिन में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है. इसके बाद अगले तीन दिनों में इतनी ही गिरावट आने की संभावना है. बुधवार रात से हल्की बूंदाबांदी या गरज-चमक के साथ मौसम में दोबारा बदलाव हो सकता है. पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कई इलाकों में गरज-चमक और मध्यम बारिश दर्ज की गई. इस दौरान तेज हवाओं के झोंके भी चले, जिससे तापमान में गिरावट आई.
ये भी पढ़ें – जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर, गृह मंत्रालय ने तय कीं 3 नई जगहें
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









