Jantar Mantar Protest : दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर जारी तनाव के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के तीनों प्रमुख नेताओं अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस ने तीनों को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया था. वहां से उन्हें एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर रिहा किया गया. तीनों नेताओं को शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद उन्हें प्रिवेंटिव अरेस्ट किया गया.
तीनों नेता शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे, उन्हें जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से आयोजित प्रदर्शन में शामिल होना था. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट से ही हिरासत में ले लिया. रविवार को तीनों को दिल्ली कैंट थाने में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उनकी रिहाई का आदेश दिया गया.
जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा सख्त
शनिवार को प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में पुलिस की कड़ी तैनाती रही. प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आगे बढ़ रहे लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया. दिल्ली पुलिस ने जबरन प्रदर्शन करने की कोशिश, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर हमले के मामलों में 20 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की हैं.
जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई
कॉकरोच जनता पार्टी और आईसा ने रविवार को भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. इसे देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है. शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने कनॉट प्लेस स्थित संसद मार्ग से जंतर-मंतर की ओर जाने की कोशिश की थी. इस रास्ते को रविवार को भी पुलिस ने बंद रखा है. यहां से मीडिया और आम लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई है.
पुलिस के मुताबिक, इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है. पुलिस ने लोगों से प्रदर्शन के लिए नहीं आने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है.
ये भी पढ़ें- नंदीग्राम में BJP की ऐतिहासिक जीत, 1.22 लाख वोटों से हसीरानी रथ ने मारी बाजी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









