UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास कर रही है. इसी दिशा में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने में रामपुर ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. जिले में पिछले एक साल के दौरान 1 लाख 79 हजार आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं. इस उपलब्धि के लिए लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने रामपुर को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया.
रामपुर में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज
रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है. आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है. विभिन्न विभागों के समन्वय और अभियान के प्रभावी संचालन से जिले में बड़ी संख्या में पात्र लोगों को योजना से जोड़ा गया है.
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने गंभीर बीमारियों से पीड़ित और दिव्यांग लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए. इनमें टांडा तहसील के ग्राम पोयली नायक निवासी कैंसर पीड़ित केविन्दर सिंह और मिलक तहसील के राजकुमार माहेश्वरी शामिल हैं. राजकुमार माहेश्वरी के पैर की सर्जरी होनी है. इसके अलावा स्वार तहसील क्षेत्र के 100 प्रतिशत दिव्यांग हेमराज और प्रेमशंकर को भी आयुष्मान कार्ड दिए गए.
रामपुर में अब तक बने 6.91 लाख से अधिक कार्ड
जिलाधिकारी के अनुसार, रामपुर में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब तक कुल 6,91,928 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं. पिछले एक साल में 1.79 लाख कार्ड बनाकर जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. जनता दर्शन के माध्यम से जरूरतमंद लाभार्थियों को कार्ड उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे.
ये भी पढ़ें- नंदीग्राम में BJP की ऐतिहासिक जीत, 1.22 लाख वोटों से हसीरानी रथ ने मारी बाजी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









