राष्ट्रीय

गुरुग्राम से यूट्यूबर ध्रुव राठी हिरासत में, CJP प्रदर्शन से पहले कार्रवाई

Dhruv Rathee Detained : यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार सुबह करीब 8 बजे गुरुग्राम में पुलिस ने हिरासत में लिया. हालांकि, उन्हें हिरासत में लेने की वजह और मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है. यह कार्रवाई दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले हुई है. ऐसे में इस घटनाक्रम ने प्रदर्शन को लेकर चल रही हलचल के बीच सबका ध्यान खींचा है.

जानकारी के मुताबिक, ध्रुव राठी गुरुवार को बेंगलुरु में SIR के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन में पहुंचे थे. वहीं, शुक्रवार को उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर CJP के प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही थी, उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए लोगों से जंतर-मंतर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी. हालांकि, उनकी हिरासत और इन पोस्ट के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

25 हजार पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल तैनात

CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के मुताबिक, दक्षिणी जिले समेत पूरी राजधानी में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि अनधिकृत लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोका जा सके.

डीसीपी ने बताया कि विभिन्न सीमाओं पर करीब 12 पुलिस पिकेट बनाए गए हैं. इसके अलावा जिले के अंदर भी कई स्थानों पर पुलिस पिकेट और बाहरी चौकियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य दिनभर शांति व्यवस्था बनाए रखना है.

सीमाओं से लेकर मेट्रो स्टेशनों तक निगरानी

प्रदर्शन के मद्देनजर करीब 25 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. पुलिसकर्मी बॉडी कैमरों के जरिए गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और मेट्रो स्टेशनों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है.

ये भी पढ़ें- भदोही को फिर मिलेगी संत रविदास के नाम से पहचान, योगी कैबिनेट की मुहर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button