Saudi Arabia Airport Attack : सऊदी अरब में लगातार दो दिनों में दो अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुए हमलों से तनाव बढ़ गया है. राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दक्षिणी सऊदी अरब के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया. इन हमलों में कुल 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि 36 लोग घायल बताए गए हैं. भारत ने दोनों हमलों की कड़ी निंदा की है और आम नागरिकों को निशाना बनाए जाने को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया है.
विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि भारत रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पिछले कुछ दिनों में हुए हमलों की निंदा करता है. मंत्रालय ने कहा कि इन हमलों में आम नागरिकों की जान गई और लोग घायल हुए हैं.
भारत ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत सऊदी अरब की सरकार और वहां के लोगों के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है.
मंगलवार को आभा एयरपोर्ट पर हमला
पहला हमला मंगलवार को आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ. इस हमले में मोरक्को और अल्जीरिया की दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हुए. घायलों में कुछ की हालत मामूली तो कुछ की गंभीर बताई गई. सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
इसके अगले दिन बुधवार को राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला हुआ. इस घटना में सूडान के एक नागरिक की मौत हुई और आठ लोग घायल हुए.
हूतियों ने ली हमले की जिम्मेदारी
यमन के हूती विद्रोहियों ने दोनों एयरपोर्ट पर हुए हमलों की जिम्मेदारी ली है. हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने दावा किया कि रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कई ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया, उन्होंने आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और खमीस मुशैत एयरबेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमले का भी दावा किया. हूती प्रवक्ता के मुताबिक, इन हमलों का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है.
लगातार दो दिनों में सऊदी अरब के महत्वपूर्ण हवाई ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है. भारत ने नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की कार्रवाई को अस्वीकार्य बताते हुए सऊदी अरब के साथ एकजुटता जताई है.
ये भी पढ़ें- आबे मेमोरियल कॉरिडोर का उद्घाटन, CM योगी बोले- नई पीढ़ी के लिए बनेगा जीवंत क्लासरूम
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









