Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी अगुवाई में पंजाब सरकार राज्यभर के लोगों को स्वच्छ एवं पीने योग्य पानी उपलब्ध करवाने के लिए अपने प्रयासों का दायरा लगातार बढ़ा रही है। इसी प्रतिबद्धता के तहत पंजाब के जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने 267 करोड़ रुपये की लागत वाली नहर आधारित बहुउद्देशीय जलापूर्ति योजना का उद्घाटन किया। यह नहर आधारित परियोजना सीमावर्ती ज़िले अमृतसर के करीब 3 लाख लोगों तथा 167 गांवों के 45,000 से अधिक घरों को स्वच्छ एवं पीने योग्य पानी उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करेगी।
यह योजना भूजल पर निर्भरता कम करने तथा नहर आधारित जलापूर्ति प्रणालियों के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
285.97 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन
परियोजना की शुरुआत के बाद सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नहर के पानी को उपचारित कर पीने योग्य बनाने के लिए 39 एम.एल.डी. क्षमता वाला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट अपर बारी दोआब नहर की लाहौर ब्रांच पर कंदोवाली और मज्जूपुरा में स्थापित किया गया है। इसके अलावा 285.97 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है तथा गांवों में 20 पानी की टंकियां बनाई जा रही हैं।
ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति
उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 266.95 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों के अजनाला, मजीठा, हरशा छीना और चौगावां ब्लॉकों के 167 गांव कवर होंगे। योजना के तहत अजनाला ब्लॉक के 101, हरशा छीना के 56, मजीठा के 9 और चौगावां का 1 गांव शामिल होगा। नहर का पानी पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से संबंधित गांवों तक पहुंचाया जाएगा और योजना के माध्यम से करीब 45,343 घरों में रहने वाले 2,85,994 ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाएगी।
हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य भूजल पर निर्भरता कम करके लोगों को नहर आधारित स्वच्छ, शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना है।
राज्यवासियों को पीने के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध पानी
मुंडियां ने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पानी से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं को कम करने और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नहर के पानी की आपूर्ति उपलब्ध होने से ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल मिलेगा और स्वस्थ एवं बेहतर जीवन के लिए मज़बूत आधार तैयार होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्यवासियों को पीने के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध पानी उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नहर आधारित बहुउद्देशीय जलापूर्ति योजना
इस अवसर पर विधायक अजनाला कुलदीप सिंह धालीवाल ने नहर आधारित बहुउद्देशीय जलापूर्ति योजना शुरू करने के लिए पंजाब सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को पीने के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध पानी मिलेगा। उन्होंने इस परियोजना को रिकॉर्ड समय में पूरा करने के लिए जल आपूर्ति मंत्री तथा विभाग के समस्त अधिकारियों का भी धन्यवाद किया।
लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पानी उपलब्ध
इस अवसर पर जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन विभाग के प्रशासनिक सचिव रामवीर ने इस परियोजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस क्षेत्र के कुछ गांवों में भूजल में टी.डी.एस. और आर्सेनिक जैसे तत्वों की मात्रा बढ़ने के कारण कई गांवों में पेयजल की समस्या पैदा हो रही थी। इसी कारण लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पानी उपलब्ध करवाने के लिए यह परियोजना शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि परियोजना के पूरा होने के बाद आगामी 10 वर्षों तक इसका रखरखाव संबंधित एजेंसी द्वारा किया जाएगा।
दर्शन सहित अन्य अधिकारी भी रहे उपस्थित
समारोह के दौरान हलका मजीठा से तलबीर सिंह गिल, हलका राजासांसी से मैडम सोनिया मान, एस.डी.एम. अजनाला चारूमित्रा, जल आपूर्ति एवं सैनिटेशन विभाग के चीफ इंजीनियर आर.के. खोसला, निगरान इंजीनियर गुरप्रीत सिंह, कार्यकारी इंजीनियर साहिल आनंद, जे.एम.सी. एल.सी.ई. एस.पी.एल. (कल्पतरु) कंपनी के जी.एम. रजनीश, जी.एम. दर्शन सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें- राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बिल्डिंग गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









