Uttar Pradesh

यूपी के उद्योगों और उत्पादों को ग्लोबल बाजार से जोड़ने वाला मंच बना ट्रेड शो, भूपेंद्र चौधरी और नंदी ने गिनाईं उपलब्धियां

UPITS 2026 : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 के समापन अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र चौधरी और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने आयोजन को प्रदेश के उद्योग, उद्यमियों और उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया.

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की बढ़ती औद्योगिक और कारोबारी साख का प्रतीक बन चुका है. देश-विदेश से आए उद्यमियों, निर्यातकों, कारीगरों और खरीदारों को एक मंच मिलने से उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की नई संभावनाएं बनी हैं.

उद्यमियों के लिए नए अवसरों की शुरुआत

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि ट्रेड शो का समापन प्रदेश के उद्यमियों के लिए नए अवसरों की शुरुआत है, उन्होंने कहा कि ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान और मुख्यमंत्री युवा योजना जैसी योजनाएं प्रदेश की आर्थिक प्रगति को गति दे रही हैं, उन्होंने कहा कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, बेहतर कानून-व्यवस्था, सिंगल विंडो सिस्टम और उद्योगों के लिए प्रोत्साहन नीतियों से उत्तर प्रदेश को उद्यम प्रदेश के रूप में स्थापित करने में मदद मिली है. बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में भी प्रदेश लगातार ‘टॉप एचीवर’ के रूप में सामने आया है.

डिफेंस कॉरिडोर और डेटा सेंटर हब पर जोर

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से प्रदेश की योजनाएं रोल मॉडल बनी हैं. पिछले नौ वर्षों में झांसी, चित्रकूट, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ और आगरा में डिफेंस कॉरिडोर के जरिए रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिल रहा है, उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा डेटा सेंटर हब के रूप में उभर रहा है. मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत लाखों युवाओं को बिना गारंटी और बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया गया है, उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और प्रयागराज महाकुंभ जैसे आयोजनों से धार्मिक पर्यटन को मिली गति का भी जिक्र किया.

90 देशों के 600 से ज्यादा विदेशी बायर्स पहुंचे

औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 प्रदेश की नई आर्थिक पहचान का उत्सव है, उन्होंने बताया कि इस बार ट्रेड शो में 90 देशों के 600 से अधिक विदेशी बायर्स ने हिस्सा लिया. जापान, रूस, वियतनाम, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हुए. नंदी ने कहा कि यूपीआईटीएस प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और बुनकरों के उत्पादों को घरेलू बाजार से वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है.

बनारसी साड़ी से चिकनकारी तक

नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि ट्रेड शो में बनारस की साड़ी, मुरादाबाद का पीतल, भदोही का कालीन और लखनऊ की चिकनकारी जैसे पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक बाजार, तकनीक और ब्रांडिंग से जोड़ने का प्रयास किया गया.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल को ग्लोबल बनाने के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे, एयर कनेक्टिविटी और निवेश अनुकूल वातावरण से उद्योगों के लिए नई संभावनाएं बनी हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग, हस्तशिल्प और निर्यात की महत्वपूर्ण भूमिका है और यूपीआईटीएस इस योगदान को आगे बढ़ाने का मजबूत मंच बन रहा है.

ये भी पढ़ें- UPITS 2026 में ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू, ₹15,500 करोड़ के कारोबार का अनुमान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button