Uttar Pradesh

UPITS-2026 में यूपी पर्यटन का जलवा, 5.5 लाख लोगों ने देखा पवेलियन, निवेश और सहयोग के खुले नए अवसर

UPITS 2026 : ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS-2026) में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग का पवेलियन देश-विदेश से आए लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा. प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक संपदा को एक नए अंदाज में पेश किया गया.

इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित इस आयोजन के दौरान करीब 5.5 लाख आगंतुकों ने पर्यटन पवेलियन का भ्रमण किया. यहां लोगों को उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ नए यात्रा अनुभवों, निवेश संभावनाओं और पर्यटन क्षेत्र में सहयोग के अवसरों की जानकारी दी गई.

10 हजार यात्रा गाइड की रही मांग

यूपीआईटीएस-2026 में उत्तर प्रदेश पर्यटन पवेलियन पर करीब 10 हजार मुद्रित यात्रा मार्गदर्शिकाओं और यात्रा कार्यक्रमों की मांग रही. वहीं करीब 100 आगंतुकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने पर्यटन क्षेत्र में निवेश और सहयोग को लेकर रुचि दिखाई. पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने लगभग 20 टूर ऑपरेटरों के साथ बातचीत कर प्रदेश के पर्यटन स्थलों और नए पर्यटन उत्पादों को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की.

वाराणसी से लेकर कन्नौज की विरासत तक दिखी झलक

पवेलियन में अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी जैसे धार्मिक स्थलों के साथ नीब करौरी बाबा यात्रा मार्ग, कन्नौज की इत्र विरासत, वन्यजीव और ईको-टूरिज्म को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया.

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पर्यटन को अनुभव आधारित यात्रा मार्गों के जरिए दुनिया के सामने पेश किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस में मिले रिस्पॉन्स से पता चलता है कि लोग अब प्रदेश के प्रसिद्ध स्थलों के साथ-साथ नए पर्यटन अनुभवों में भी रुचि ले रहे हैं.

डिजिटल तकनीक ने भी खींचा ध्यान

पर्यटन पवेलियन में डिजिटल माध्यमों का भी प्रभावी इस्तेमाल किया गया. क्यूआर कोड आधारित डिजिटल सामग्री को करीब 500 लोगों ने एक्सेस किया. इसके जरिए लोगों को पर्यटन स्थलों और यात्रा योजनाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई.

इसके अलावा भगवान श्रीकृष्ण की ब्रज लीला पर आधारित वर्चुअल रियलिटी प्रस्तुति लोगों के आकर्षण का बड़ा केंद्र रही. इंटरैक्टिव गेम, क्विज, फोटो बूथ और सेल्फी जोन जैसी गतिविधियों में बच्चों, युवाओं और परिवारों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया.

संस्कृति और स्वाद ने बढ़ाई पवेलियन की रौनक

उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला और शिल्प को भी पवेलियन में विशेष जगह दी गई. लाइव जरदोजी कढ़ाई, कन्नौज का इत्र, मार्बल डस्ट से बने उत्पाद और स्थानीय शिल्प ने लोगों का ध्यान खींचा.

मथुरा का मयूर नृत्य और लखनऊ की कथक प्रस्तुति ने यूपी की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाया. बैकलिट डिस्प्ले, डिजिटल इंस्टॉलेशन और थीम आधारित सजावट के जरिए प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक, ग्रामीण और प्राकृतिक पर्यटन को एक साथ प्रस्तुत किया गया. पर्यटन विभाग के अनुसार, UPITS-2026 में मिली रुचि को आगे बढ़ाते हुए निवेश प्रस्तावों, टूर ऑपरेटरों के साथ हुई बातचीत और नई साझेदारियों को प्रदेश के पर्यटन विकास से जोड़ा जाएगा.

ये भी पढ़ें- UPITS 2026 में ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू, ₹15,500 करोड़ के कारोबार का अनुमान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button