Uttar Pradesh

UPITS-2026 बना यूपी के उद्योगों की वैश्विक पहचान का मंच, मंत्रियों ने गिनाईं उपलब्धियां और निवेश के अवसर

UPITS 2026 : ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के समापन अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र चौधरी और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने आयोजन को प्रदेश के उद्योगों और कारोबार के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया.

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो अब उत्तर प्रदेश की बढ़ती औद्योगिक और कारोबारी पहचान का प्रतीक बन चुका है. देश-विदेश से आए उद्यमियों, निर्यातकों, कारीगरों और खरीदारों को एक मंच मिलने से प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के नए अवसर बने हैं.

उद्यमियों के लिए नए अवसरों की शुरुआत

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि ट्रेड शो का समापन प्रदेश के उद्यमियों के लिए नए अवसरों की शुरुआत है, उन्होंने बताया कि ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान और मुख्यमंत्री युवा योजना जैसी योजनाएं प्रदेश की आर्थिक प्रगति को गति दे रही हैं, उन्होंने कहा कि जीरो टॉलरेंस नीति, बेहतर कानून-व्यवस्था, सिंगल विंडो सिस्टम और उद्योगों के लिए बनाई गई प्रोत्साहन नीतियों से उत्तर प्रदेश को उद्यम प्रदेश के रूप में स्थापित करने में मदद मिली है. बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में भी प्रदेश लगातार ‘टॉप एचीवर’ के रूप में सामने आया है.

डिफेंस कॉरिडोर और डेटा सेंटर हब पर जोर

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर के जरिए रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिल रहा है, झांसी, चित्रकूट, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ और आगरा में इसके तहत काम आगे बढ़ रहा है. वहीं ग्रेटर नोएडा डेटा सेंटर हब के रूप में उभर रहा है, उन्होंने मुख्यमंत्री युवा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत लाखों युवाओं को बिना गारंटी और बिना ब्याज के ऋण उपलब्ध कराया गया. अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और प्रयागराज महाकुंभ जैसे आयोजनों से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है.

90 देशों के 600 से ज्यादा विदेशी बायर्स पहुंचे

औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि यूपीआईटीएस-2026 प्रदेश की नई आर्थिक पहचान का उत्सव है. चार साल पहले शुरू हुआ यह आयोजन अब प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और बुनकरों के उत्पादों को घरेलू बाजार से वैश्विक बाजार तक पहुंचाने का बड़ा मंच बन चुका है. उन्होंने बताया कि इस बार ट्रेड शो में 90 देशों के 600 से अधिक विदेशी बायर्स शामिल हुए. जापान, रूस, वियतनाम, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री के रूप में जुड़े.

बनारसी साड़ी से चिकनकारी तक यूपी की पहचान

नंदी ने कहा कि ट्रेड शो में बनारस की साड़ी, मुरादाबाद का पीतल, भदोही का कालीन और लखनऊ की चिकनकारी जैसे पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक बाजार, तकनीक और ब्रांडिंग से जोड़ने का प्रयास किया गया.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल को ग्लोबल’ बनाने के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे, एयर कनेक्टिविटी और निवेश अनुकूल माहौल से उद्योगों के लिए नई संभावनाएं बनी हैं, उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस प्रदेश के एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग, हस्तशिल्प और निर्यात क्षेत्र को आगे बढ़ाने का मजबूत मंच बन रहा है.

ये भी पढ़ें- UPITS 2026 में ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू, ₹15,500 करोड़ के कारोबार का अनुमान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button