UP News : उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का पवेलियन युवाओं के लिए ज्ञान, करियर और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ने का खास केंद्र बना रहा. पांच दिनों तक चले आयोजन में किताबों की प्रदर्शनी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी सामग्री और डिजिटल माध्यम से प्रदेश की विरासत को देखने का मौका युवाओं को मिला.
पवेलियन पर पूरे आयोजन के दौरान युवाओं की लगातार भीड़ देखने को मिली. कई युवा पुस्तकों को पढ़ते नजर आए तो कई ने अपनी पसंद की किताबों और प्रकाशकों की जानकारी मोबाइल में दर्ज की.
प्रतियोगी परीक्षाओं की किताबों ने खींचा ध्यान
पवेलियन में भारतीय इतिहास, संस्कृति, राजनीतिक विज्ञान, उभरते भारत, उभरते उत्तर प्रदेश और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच ‘उत्तर प्रदेश वार्षिकी’ पुस्तक खास आकर्षण का केंद्र रही. सिकंदराबाद से आईं पीसीएस अभ्यर्थी निधि यादव ने बताया कि उन्हें अपनी क्लासमेट से ट्रेड शो में उपलब्ध इस पुस्तक की जानकारी मिली थी, जिसके बाद वह इसे देखने और लेने के लिए यहां पहुंचीं.
इसके अलावा ‘बनारस तेरे रंग हजार’, ‘योगी का राम राज्य’, ‘लोक आराधना की अभिव्यक्ति’, ‘तीर्थनामा अयोध्या’, ‘न्यू यूपी फॉर ए न्यू इंडिया’ और ‘विकसित यूपी विकसित भारत’ जैसी पुस्तकों में भी युवाओं ने रुचि दिखाई.
सेल्फी जोन में दिखा संस्कृति से जुड़ाव
सूचना विभाग के पवेलियन का सेल्फी जोन भी युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय रहा. राम मंदिर अयोध्या, वाराणसी का नमो घाट, वृंदावन का प्रेम मंदिर और सारनाथ जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को बैकग्राउंड में रखकर युवाओं ने तस्वीरें लीं. इलेक्ट्रॉनिक ग्लोब के जरिए उभरते भारत और उभरते उत्तर प्रदेश की तस्वीर भी दिखाई गई. इसके साथ सेल्फी लेने के लिए युवाओं और बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला.
भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई युवाओं को अपनी बारी के लिए करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा. सेल्फी लेने के बाद सूचना विभाग की ओर से उन्हें उपहार भी दिए गए.
ज्ञान और विरासत से जोड़ने वाला मंच बना पवेलियन
UPITS-2026 में सूचना विभाग का पवेलियन सिर्फ जानकारी देने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं को किताबों के जरिए ज्ञान, प्रतियोगी परीक्षाओं की सामग्री और डिजिटल माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी मिला.
ट्रेड शो में युवाओं की बड़ी भागीदारी ने यह दिखाया कि जब मनोरंजन के साथ ज्ञान और करियर से जुड़ी सामग्री एक ही मंच पर उपलब्ध होती है, तो युवा उसमें सक्रिय रुचि लेते हैं.
ये भी पढ़ें- UPITS 2026 में ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू, ₹15,500 करोड़ के कारोबार का अनुमान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









