Anil Yadav Firing Case : जन सुराज नेता और पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर हुई फायरिंग के मामले में पटना पुलिस की SIT ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे शंकर राय समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
पुलिस जांच के मुताबिक, अनिल यादव को रास्ते से हटाने के लिए करीब 5 लाख रुपये की सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि शंकर राय ने कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते इस साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई थी.
जांच में सामने आया है कि वर्ष 2017 में वार्ड पार्षद चुनाव के बाद से ही अनिल यादव और शंकर राय के बीच विवाद चल रहा था. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद करने का दावा किया है.
चार नए आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पटना पुलिस के अनुसार, ताजा कार्रवाई में शंकर राय, रंजीत कुमार, पप्पू कुमार और जितेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है. इससे पहले चार अन्य आरोपियों को पकड़ा जा चुका था. अब तक कुल आठ आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि नौवें आरोपी की तलाश में जांच जारी है.
वहीं, ममता कल्याणी, एसपी (मध्य), पटना के मुताबिक, अनिल यादव और शंकर राय एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं. दोनों के बीच 2017 से वार्ड पार्षद चुनाव को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शंकर राय ने दावा किया कि अनिल यादव ने उसे दो बार झूठे मामलों में जेल भिजवाया था, जिसके बाद से वह नाराज था.
23 सितंबर को अपार्टमेंट में हुई थी फायरिंग
23 सितंबर की शाम बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के चकारम स्थित एक अपार्टमेंट के बेसमेंट में अनिल यादव अपने समर्थकों के साथ बैठे थे. इसी दौरान हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की थी. हमले में अनिल यादव को कई गोलियां लगी थीं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. शुरुआती जांच में पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की बात कही थी.
ये भी पढ़ें- UPITS 2026 में ₹6,500 करोड़ के 4,400 एमओयू, ₹15,500 करोड़ के कारोबार का अनुमान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









