Uttar Pradesh

गंगा-यमुना का बढ़ा जलस्तर, रिहायशी इलाकों तक पहुंचा पानी, रेड अलर्ट जारी

Prayagraj Flood : प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है. संगम नगरी में दोनों नदियां उफान पर हैं और अब नदी किनारे के इलाकों से आगे बढ़कर बाढ़ का पानी रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच गया है. जलस्तर बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों की परेशानियां भी बढ़ रही हैं.

गंगा और यमुना के बढ़ते पानी के कारण प्रयागराज के कई प्रमुख घाट पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं. जिन घाटों पर कुछ समय पहले तक श्रद्धालुओं और लोगों की आवाजाही दिखाई देती थी, वहां अब पानी ही पानी नजर आ रहा है.

गंगा रिवर फ्रंट रोड भी डूबी

बाढ़ का पानी बक्शीबांध से संगम जाने वाली गंगा रिवर फ्रंट रोड तक पहुंच गया है. पूरी सड़क पानी में डूब चुकी है. इसके चलते इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है.

नदी किनारे बसे कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंचने से लोगों के सामने सुरक्षित जगह पर जाने की चुनौती खड़ी हो गई है. घरों में पानी आने के बाद रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर भी दिक्कतें बढ़ गई हैं. कई परिवार अपने सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं, जबकि कुछ लोग ऊंचे और सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं.

प्रशासन ने जारी किया रेड अलर्ट

प्रयागराज में बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है. संभावित खतरे को देखते हुए राहत चौकियां और राहत कैंप तैयार किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल मदद पहुंचाई जा सके.

प्रशासन और राहत टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं. गंगा और यमुना के जलस्तर में हो रहे बदलाव की निगरानी की जा रही है. फिलहाल दोनों नदियों के बढ़ते पानी ने संगम नगरी में बाढ़ की चिंता बढ़ा दी है और आने वाले घंटों में स्थिति पर नजर बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- भारत-चीन सीमा विवाद पर बड़ी बैठक, NSA अजीत डोभाल बीजिंग में वांग यी से करेंगे बातचीत, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button