Uttar Pradesh

‘PDA से विरोधियों की बेचैनी बढ़ रही’, अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला

UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला. सपा में शामिल होने वाले नए नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे PDA से नए लोग जुड़ रहे हैं, विरोधियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है. अखिलेश ने दावा किया कि PDA को रोकने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं.

अखिलेश यादव ने PDA की नई व्याख्या करते हुए कहा कि अब इसमें Protest, Demonstration और Activist वाले लोग भी शामिल हो रहे हैं, उन्होंने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि PDA को लेकर उनके “पेट में दर्द” हो रहा है.

सपा प्रमुख ने कहा कि PDA प्रोग्रेसिव और विजनरी है और लोगों को जोड़ने वाला है, उन्होंने दावा किया कि चुनाव के लिहाज से PDA जितना गंभीर है, उतना कोई और नहीं है.

स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की कमी

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर भी सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में स्वास्थ्य विभाग “वेंटिलेटर पर” है.

उन्होंने PDA ऑडिट का हवाला देते हुए स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की कमी और कथित लापरवाही का मुद्दा उठाया. अखिलेश के मुताबिक प्रदेश में 6 हजार से ज्यादा डॉक्टरों के पद खाली हैं, जबकि नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ के करीब 24 हजार पद रिक्त हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश में करीब 16 हजार की आबादी पर एक डॉक्टर की स्थिति है. गोरखपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या कम होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है.

फ्री बस सेवा पर भी सरकार को घेरा

रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा को लेकर भी अखिलेश ने सरकार पर सवाल उठाए, उन्होंने कहा कि सरकार ने फ्री बस सेवा की घोषणा तो की, लेकिन कई जगह पर्याप्त बसों और उचित इंतजाम की कमी रही.

सपा प्रमुख ने अंकित बालियान हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है, उन्होंने दावा किया कि अंकित को 18 गोलियां मारी गईं.

सरकार पर गंभीर आरोप

अखिलेश ने सवाल किया कि प्रदेश में सरकार किसकी है और लोगों को न्याय कौन देगा, उन्होंने पीलीभीत, बहराइच और श्रावस्ती समेत कई जगहों पर घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में “न तो तानाशाही चलेगी और न ही दानाशाही चलेगी,” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और व्यवस्था से आम लोगों को परेशानी हो रही है और आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी.

ये भी पढ़ें- चीनी की कीमतों पर बड़ी राहत, 20% तक सस्ती हुई शुगर, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button