Asian Games 2026 : एशियन गेम्स 2026 को लेकर क्रिकेट टीमों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय टीम के ऐलान के बाद अब अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। अफगानिस्तान ने इस बार टीम में युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौका दिया है, जबकि कुछ अनुभवी खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
एशियन गेम्स 2026 में अफगानिस्तान टीम की कमान दरवेश रसूली को सौंपी गई है। टीम में नजीबुल्लाह जादरान और करीम जनत जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
युवा खिलाड़ियों को किया गया शामिल
वहीं, स्टार खिलाड़ियों राशिद खान, रहमानुल्लाह गुरबाज और अजमतुल्लाह उमरजई को टीम में जगह नहीं दी गई है। बोर्ड ने इन खिलाड़ियों को आराम देने का फैसला किया है। अफगानिस्तान की टीम में मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखिल, खालिद तानिवाल, इमरान मीर और फैसल खान शिनोजादा जैसे युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। अफगानिस्तान को ग्रुप-ए में जापान और नेपाल के साथ रखा गया है, जबकि ग्रुप-बी में हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान की टीमें शामिल हैं।
एशियन गेम्स 2026 पर टिकी निगाहें
टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश दिया गया है। सेमीफाइनल मुकाबले 20 सितंबर को खेले जाएंगे, जबकि कांस्य पदक और स्वर्ण पदक के लिए मुकाबले 22 सितंबर को आयोजित होंगे। क्रिकेट प्रेमियों की नजर अब एशियन गेम्स 2026 के मुकाबलों पर टिकी हुई है, जहां एशिया की कई मजबूत टीमें पदक जीतने के लिए मैदान में उतरेंगी।
एशियन गेम्स के लिए अफगानिस्तान की टीम
दरवेश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेट कीपर), मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखिल, खालिद तानिवाल, इमरान मीर, फैसल खान शिनोजादा, नजीबुल्लाह जादरान, फरमानुल्लाह सफी, इस्मत आलम, करीम जनत, नांग्याल खारोटी, अरब गुल मोमंद, फरीदून दाऊदजई, अब्दुल्ला अहमदजई।
ये भी पढ़ें- नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, वसुंधरा राजे और स्मृति ईरानी समेत कई नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









